खुद को जज का गनमैन बता कारोबारी पर फायरिंग का आरोप, करनाल में गाड़ी में बैठने को लेकर हुआ विवाद
करनाल में खुद को जज का गनमैन बताने वाले पुलिसकर्मी पर कारोबारी से मारपीट और फायरिंग का आरोप लगा है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
➤ गाड़ी में बिना पूछे बैठने को लेकर शुरू हुआ विवाद, कारोबारी के सिर पर बंदूक की बट से वार का आरोप
➤ कारोबारी के बेटे, भतीजे और दोस्त के बेटे की तरफ फायरिंग का आरोप
➤ गाड़ी के शीशे पर लगी गोली, सिविल लाइन थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की
हरियाणा के करनाल में सोमवार देर रात खुद को जज का गनमैन बताने वाले एक पुलिसकर्मी पर टेंट कारोबारी के साथ मारपीट और फायरिंग करने का आरोप लगा है। शिकायत के मुताबिक विवाद उस समय शुरू हुआ, जब कारोबारी ने अपनी गाड़ी के अंदर एक पुलिसकर्मी को देखा। आरोप है कि पुलिसकर्मी गाड़ी में घुसा और उसमें रखा लोहे का सामान निकालकर गाड़ी के ऊपर रखने लगा। इसी बात को लेकर पूछताछ के दौरान विवाद बढ़ गया। कारोबारी ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी ने उसके साथ मारपीट की और बंदूक की बट से सिर पर वार किया। इसके बाद कारोबारी के बेटे, भतीजे और दोस्त के बेटे की तरफ फायरिंग की गई। तीनों ने गाड़ियों के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई। शिकायत के मुताबिक एक गोली गाड़ी के शीशे पर लगी, जबकि दूसरी गोली गाड़ी के पीछे से निकल गई। मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गाड़ी में पुलिसकर्मी को देखकर शुरू हुआ विवाद
करनाल निवासी मुनीष ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी सरस्वती टेंट हाउस के नाम से दुकान है। 7 अक्टूबर को NDRI रोड पर होने वाले कार्यक्रम के लिए वह वर्करों और परिवार के सदस्यों के साथ टेंट का सामान लगवा रहा था। रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच उसे अपनी गाड़ी के अंदर एक पुलिसकर्मी दिखाई दिया।
मुनीष के मुताबिक, जब उसने पुलिसकर्मी से गाड़ी में बैठने और सामान निकालने के बारे में पूछा तो उस व्यक्ति ने खुद को पुलिसकर्मी बताया। आरोप है कि उसने गाड़ी से कुछ लोहे का सामान निकाला और उसे गाड़ी के ऊपर रख दिया। सामान ऊपर रखने का कारण पूछने पर उसने कहा कि वह देख रहा था।
पुलिस राइडर के पहुंचने पर पुलिसकर्मी को वहां से भेजा गया
शिकायत में मुनीष ने आरोप लगाया कि संबंधित पुलिसकर्मी ने शराब पी रखी थी। उसे समझाने की कोशिश की गई तो वह मुनीष, मजदूरों और अन्य लोगों से गाली-गलौज और झगड़ा करने लगा।
इसी दौरान पुलिस राइडर मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी को वहां से भेज दिया गया। इसके करीब 10-15 मिनट बाद सभी लोग दोबारा टेंट का सामान लगाने में जुट गए। शिकायत के मुताबिक करीब 15-20 मिनट बाद वही व्यक्ति फिर मौके पर पहुंचा और आते ही गाली देने लगा।
थप्पड़ मारने और बंदूक की बट से सिर पर वार का आरोप
मुनीष ने शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। उसके अनुसार आरोपी ने थप्पड़ मारे, गला दबाया और सिर पर बंदूक की बट से दो बार वार किया।
इसके बाद आरोपी ने मुनीष के बेटे, भतीजे और दोस्त के बेटे की तरफ जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। तीनों ने बचने के लिए गाड़ियों के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई। शिकायत के मुताबिक एक गोली पहली गाड़ी के शीशे पर लगी, जबकि दूसरी गोली दूसरी गाड़ी के पीछे से निकल गई। इसके अलावा दो फायर ऊपर और नीचे की ओर किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
बुलेट मोटरसाइकिल को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने बुलेट मोटरसाइकिल का शीशा और टंकी तोड़ दी। इसके बाद वह पीछे भागा और मजदूरों पर हमला करने का आरोप भी लगाया गया है।
बाद में आरोपी का नाम अरुण संधु पता चला। शिकायत के मुताबिक अरुण खुद को जज साहब का गनमैन बता रहा था।
मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज
मुनीष ने पुलिस से आरोपी अरुण संधु के खिलाफ कार्रवाई करने और उसका मेडिकल करवाने की मांग की। मामले की जांच SI बंसीलाल को सौंपी गई है।
पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अब मामले की जांच की जा रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
Akhil Mahajan