मनाली-अमृतसर वॉल्वो बस फ्लाईओवर से नीचे गिरी, 4 की मौत; 16 घायल, ड्राइवर हिरासत में
मनाली से अमृतसर जा रही वॉल्वो बस बंगा हाईवे पर फ्लाईओवर से गिर गई। हादसे में चार यात्रियों की मौत और 16 घायल हुए, चालक हिरासत में है।
➤ फ्लाईओवर से अनियंत्रित होकर स्लिप रोड पर गिरी बस
➤ हादसे में चार यात्रियों की मौत, 16 लोग गंभीर घायल
➤ नींद की झपकी की आशंका, हिमाचल निवासी चालक पुलिस हिरासत में
मनाली से अमृतसर जा रही पर्यटकों से भरी वॉल्वो बस सोमवार तड़के करीब 4:40 बजे पंजाब के नवांशहर में मजारी गांव के पास बंगा हाईवे पर हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार बस फ्लाईओवर पर अचानक अनियंत्रित होकर पलटते हुए नीचे स्लिप रोड पर जा गिरी। हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 16 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बस में चालक समेत कुल 41 यात्री सवार थे। प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने के कारण हादसा होने की बात सामने आई है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और सूचना मिलते ही पुलिस ने पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज रफ्तार में फ्लाईओवर से गुजर रही थी। इसी दौरान बस अचानक अनियंत्रित हो गई और पलटते हुए नीचे स्लिप रोड पर जा गिरी। बस के पलटते ही उसमें सवार यात्रियों में अफरातफरी मच गई। कई यात्री बस के अंदर फंस गए थे। पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान चलाया और यात्रियों को बस से बाहर निकालकर उपचार के लिए बंगा के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल यात्रियों को उनकी हालत के अनुसार अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया। बंगा के डीएसपी हरजीत सिंह रंधावा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी थाना प्रभारियों और पुलिस कर्मचारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की और बस में सवार यात्रियों के सामान को भी सुरक्षित करवाया।
हादसे में जान गंवाने वालों में केरल निवासी जोसना जॉर्ज, अमृतसर निवासी विशाल रट्टू और लुधियाना निवासी आदित्य गौतम शामिल हैं। जोसना जॉर्ज लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी की छात्रा थीं, जबकि विशाल रट्टू चार्टर्ड अकाउंटेंट थे। हादसे में मारे गए चौथे व्यक्ति की पहचान खबर लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी।
हादसे के बाद सभी शवों को शिवपुरी बाबा गोला स्थित शवगृह में रखा गया था। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद जोसना जॉर्ज और विशाल रट्टू के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए। चौथे मृतक की पहचान को लेकर पुलिस की ओर से कार्रवाई जारी रही।
पुलिस ने हादसे के बाद बस चालक विवेक कुमार, पुत्र सूरज मणि, निवासी शर्णा गांव, बल्ह (रत्ती), जिला मंडी, हिमाचल प्रदेश को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 125, 125(बी), 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया है।
प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस हादसे के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। हादसा किस परिस्थिति में हुआ और बस की रफ्तार समेत अन्य कारणों की पड़ताल की जा रही है।
हादसे के बाद पुलिस ने बस में सुरक्षित बचे 21 यात्रियों को उनका सामान सौंपकर घटनास्थल से रवाना कर दिया। वहीं घायल यात्रियों का उपचार जारी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।
Akhil Mahajan