बिजली निगम का जेई 15 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, एसीबी ने रंगे हाथों पकड़ा
फतेहाबाद के बडोपल में बिजली निगम का जेई रतन लाल 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार हुआ। भिवानी एसीबी टीम ने ट्रैप लगाकर कार्रवाई की।
फतेहाबाद में बिजली निगम का जेई 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार
➤ ढाणी में बिजली कनेक्शन जारी करने के बदले किसान से मांगी थी रकम
➤ भिवानी से पहुंची एसीबी टीम ने बडोपल कार्यालय में बिछाया था जाल
फतेहाबाद जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने बिजली निगम के एक कनिष्ठ अभियंता (JE) को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। भिवानी से पहुंची एसीबी की टीम ने गांव बडोपल स्थित बिजली निगम कार्यालय में छापेमारी कर जेई रतन लाल को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए दबोच लिया। कार्रवाई के बाद टीम आरोपी जेई को अपने साथ ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ढाणी खासा महाजन निवासी एक किसान ने अपनी ढाणी में बिजली कनेक्शन लगवाने के लिए बिजली निगम में आवेदन किया था। किसान का आरोप था कि बडोपल कार्यालय में तैनात जेई रतन लाल कनेक्शन जारी करने की एवज में उससे 15 हजार रुपये मांग रहा था। रिश्वत नहीं देने पर वह उसका काम लटका रहा था और लगातार परेशान कर रहा था।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने किया आरोपों का सत्यापन
परेशान किसान ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो को दी। शिकायत में उसने आरोप लगाया कि बिजली कनेक्शन देने के बदले जेई उससे 15 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने पहले आरोपों का सत्यापन किया। इसके बाद भिवानी से एसीबी इंस्पेक्टर जगजीत सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
रंगे हुए नोट देकर किसान को भेजा कार्यालय
योजना के तहत एसीबी की टीम गुरुवार को गांव बडोपल पहुंची। यहां जेई को रिश्वत लेते हुए पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया। टीम ने शिकायतकर्ता किसान को रंग लगे 15 हजार रुपये दिए और उसे जेई रतन लाल के पास कार्यालय में भेजा।
जैसे ही किसान ने जेई को रिश्वत की रकम सौंपी, उसने एसीबी टीम को इशारा कर दिया। इशारा मिलते ही कार्यालय के बाहर तैनात टीम ने अंदर पहुंचकर जेई को मौके पर ही पकड़ लिया। इस तरह बिजली कनेक्शन जारी करने के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में जेई रतन लाल को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी से पूछताछ, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी जेई को अपने साथ ले गई। उससे मामले को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। टीम की ओर से मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Akhil Mahajan