नाका तोड़कर भागे दो नशा तस्कर गिरफ्तार, 163.53 ग्राम हेरोइन बरामद

फतेहाबाद के टोहाना में पुलिस ने नाका तोड़कर भागे दो नशा तस्करों को गिरफ्तार कर 163.53 ग्राम हेरोइन और ब्रेजा कार बरामद की। एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया।

नाका तोड़कर भागे दो नशा तस्कर गिरफ्तार, 163.53 ग्राम हेरोइन बरामद
  • टोहाना में पुलिस नाका तोड़कर भागे दो नशा तस्कर गिरफ्तार
  • आरोपियों से कुल 163.53 ग्राम हेरोइन और तस्करी में प्रयुक्त ब्रेजा कार बरामद
  • नाका तोड़ते समय होमगार्ड जवान को मारी टक्कर, एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज

फतेहाबाद के टोहाना में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नाका तोड़कर फरार हुए दो नशा तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर कुल 163.53 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की गई मारुति ब्रेजा कार भी जब्त कर ली गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल ढिल्लो उर्फ राठा, निवासी वार्ड नंबर-9 बक्सी गली, टोहाना और सिकंदर, निवासी टोहाना के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना शहर टोहाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, चंडीगढ़ रोड पर रात के समय पुलिस टीम नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दोनों आरोपी पंजाब की ओर से ब्रेजा कार में नशीला पदार्थ लेकर आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाका लगाकर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी।

कुछ देर बाद संदिग्ध ब्रेजा कार मौके पर पहुंची। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और पुलिस नाका तोड़कर फरार हो गए। इस दौरान कार की टक्कर से ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान अंग्रेज सिंह घायल हो गए।

पुलिस टीम ने आरोपियों का पीछा किया और कुछ दूरी पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान राहुल ढिल्लो की कार्गो पैंट की जेब से 10.24 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि पुलिस से बचने के लिए उसने भागते समय रास्ते में कुछ हेरोइन फेंक दी थी।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने रास्ते से 153.29 ग्राम हेरोइन भी बरामद कर ली। इस तरह पुलिस ने कुल 163.53 ग्राम हेरोइन और तस्करी में प्रयुक्त मारुति ब्रेजा कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच तेज कर दी है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।