हरियाणा में बस ने कुचले दो युवक,नौकरी की तलाश में आए थे दोनों, मौके पर मौ*त

गुरुग्राम सेक्टर-90 चौक के पास तेज रफ्तार बस की टक्कर से चरखी दादरी के दो युवकों की मौत हो गई। दोनों नौकरी की तलाश में गुरुग्राम आए थे।

हरियाणा में बस ने कुचले दो युवक,नौकरी की तलाश में आए थे दोनों, मौके पर मौ*त

सेक्टर-90 चौक के पास तेज रफ्तार बस ने बाइक को मारी सीधी टक्कर

हादसे में चरखी दादरी के अनिरुद्ध और अतुल की मौके पर मौत

बस ड्राइवर फरार, एफआईआर दर्ज कर बस जब्त की गई

गुरुग्राम शहर में सेक्टर-90 चौक के पास गुलमोहर फॉर्म हाउस के सामने शुक्रवार को तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने बाइक सवार दो युवकों को सीधी टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और बाइक पर सवार दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान चरखी दादरी के रहने वाले अनिरुद्ध और अतुल के रूप में हुई है। हादसे के बाद आरोपी बस ड्राइवर मौके से फरार हो गया।

अनिरुद्ध चरखी दादरी के गांव फौगाट निवासी सतेन्द्र का बड़ा बेटा था। वह अपने साथी अतुल के साथ बाइक पर सवार होकर गुरुग्राम नौकरी की तलाश में आए थे। दोनों ने 12वीं पास की थी। हादसे के समय अतुल बाइक चला रहा था, जबकि अनिरुद्ध पीछे बैठा था। दोनों यदुवंशी स्कूल की तरफ से सेक्टर-90 चौक की ओर जा रहे थे।

गुलमोहर फार्म हाउस के सामने हुआ दर्दनाक हादसा

जैसे ही दोनों की बाइक गुलमोहर फार्म हाउस के सामने पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार बस ने बाइक को सीधी टक्कर मार दी। बस नंबर HR55AJ8585 के ड्राइवर पर आरोप है कि वह लापरवाही और गफलत से वाहन चला रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। अनिरुद्ध और अतुल की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद बस ड्राइवर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। अनिरुद्ध के पिता सतेन्द्र ने अपने बेटे और उसके साथी के शवों को क्षत-विक्षत हालत में देखा। इस दृश्य के बाद परिवार में मातम पसर गया।

पिता ने की बस ड्राइवर पर सख्त कार्रवाई की मांग

पीड़ित पिता सतेन्द्र ने बस ड्राइवर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में उन्होंने कहा कि बस ड्राइवर बेहद तेज गति और लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। इसी लापरवाही के कारण दो मासूमों की जान चली गई।

हादसे की सूचना मिलते ही सतेन्द्र मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि वह मेहनत-मजदूरी करके परिवार का पेट पालते हैं। उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं। अनिरुद्ध उनका सबसे बड़ा बेटा था। बड़े बेटे की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

गांव फौगाट में मातम, परिवार का सबसे बड़ा बेटा था अनिरुद्ध

अनिरुद्ध की मौत की खबर जैसे ही गांव फौगाट पहुंची, वहां मातम का माहौल बन गया। परिवार के लिए यह हादसा बेहद सदमे वाला है। जिस बेटे के सहारे परिवार को भविष्य की उम्मीद थी, उसकी सड़क हादसे में अचानक मौत हो गई।

अनिरुद्ध अपने साथी अतुल के साथ नौकरी की तलाश में गुरुग्राम आया था। दोनों ने 12वीं तक पढ़ाई की थी और अपने भविष्य को बेहतर बनाने की कोशिश में थे। लेकिन तेज रफ्तार बस की टक्कर ने दोनों युवकों की जिंदगी खत्म कर दी।

अतुल के माता-पिता की बचपन में हो चुकी थी मौत

अतुल भी चरखी दादरी का रहने वाला था। उसके घर में भी हादसे के बाद कोहराम मचा हुआ है। अतुल के माता-पिता की बचपन में ही मौत हो चुकी है। उसकी मौत की खबर से परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।

बस जब्त, ड्राइवर के खिलाफ एफआईआर दर्ज

सेक्टर-93 पुलिस चौकी इंचार्ज ने बताया कि ड्राइवर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर बस को जब्त कर लिया गया है। दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। हादसे के बाद आरोपी बस ड्राइवर मौके से फरार है।