अभय चौटाला का अर्चना गुप्ता पर पलटवार, बोले- अभिमन्यु-धनखड़ के बाद अब किसका टंगेगा कुर्ता-पयजामा

पानीपत में अभय चौटाला ने अर्चना गुप्ता के विशेष वर्ग वाले बयान पर पलटवार किया। अभिमन्यु और धनखड़ के बाद किसका कुर्ता टंगेगा, पूछा सवाल।

अभय चौटाला का अर्चना गुप्ता पर पलटवार, बोले- अभिमन्यु-धनखड़ के बाद अब किसका टंगेगा कुर्ता-पयजामा

अभय चौटाला ने अर्चना गुप्ता के बयान पर किया पलटवार

बोले- अभिमन्यु और ओपी धनखड़ के बाद अब किसका टंगेगा कुर्ता-पयजामा

अर्चना के बयान पर नेताओं की तीखी प्रतिक्रियाएं, FIR की शिकायत भी दी गई

पानीपत में BJP की हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता के विशेष वर्ग के कुर्ता खूंटी पर लटकाने वाले बयान को लेकर सियासत गरमा गई है। इनेलो सुप्रीमो अभय चौटाला ने अर्चना गुप्ता के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि पानीपत के लोगों को शर्मिंदा होना पड़ता है कि उनके यहां एक ऐसी महिला है, जिसे बात भी करने की तमीज नहीं है।

अभय चौटाला ने कहा कि जिस जाति विशेष की अर्चना गुप्ता बात करती हैं, वह इस देश और प्रदेश का अन्नदाता है। उन्होंने कहा कि इसी जाति विशेष के लोग देश की रक्षा करने वालों के नामों में शामिल हैं और खेलों में भी देश को सबसे ज्यादा मेडल देने का काम करते हैं। उन्होंने कहा, “हम इस देश का सम्मान बढ़ाते हैं। हमें छेड़ो मत, नहीं तो बहुत परेशानी होगी।”

अभय चौटाला ने कहा कि जब अर्चना गुप्ता यहां आएंगी तो उनसे पूछा जाएगा कि उन्होंने अभिमन्यु के कुर्ता-पयजामे खूंटी पर लटकवा दिए और ओपी धनखड़ के भी लटकवा दिए, अब और किस-किस के कुर्ता-पयजामे लटकवाने हैं, यह भी बता दें।

अभय बोले- ढांडा जैसा व्यक्ति अर्चना के साथ खड़ा था

अभय चौटाला ने कहा कि इससे ज्यादा हैरानी और शर्म की बात है कि ढांडा जैसा व्यक्ति अर्चना के साथ खड़ा था। उन्होंने आरोप लगाया कि अर्चना उनकी जाति विशेष पर टिप्पणी कर रही थीं और ढांडा यानी महिपाल ढांडा हंस रहे थे।

उन्होंने कहा कि इससे ज्यादा शर्म की बात और कुछ नहीं हो सकती। उनकी कौम को इससे ज्यादा शर्मिंदा कोई नहीं कर सकता।

अभय चौटाला बोले- मैं जाट के घर पैदा हुआ, मुझे गर्व है

अभय चौटाला ने अर्चना गुप्ता के उस कथन पर भी अपनी बात रखी, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह जाट के घर पैदा हुई हैं। अभय ने कहा कि अर्चना को यह लिखना चाहिए कि वह जाट हैं और यह कहने में संकोच नहीं करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि उनसे कोई पूछे तो वह कहेंगे कि उनकी जाति जाट है, वह जाट के घर पैदा हुए हैं और उन्हें इस पर गर्व है। लेकिन जाट के घर पैदा होकर भी वह 36 बिरादरी के लोगों को साथ लेकर चलने की सोच रखते हैं और यह सोच चौधरी देवी लाल की रणनीति के मुताबिक सभी को साथ लेकर चलने की है।

पहले जानिए, अर्चना गुप्ता ने विशेष वर्ग को लेकर क्या कहा था

पानीपत में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंगलवार को डॉ. अर्चना गुप्ता ने पिछली हुड्डा व इनेलो सरकारों को लेकर बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि उस दौरान एक विशेष वर्ग सक्रिय था, जो सुबह-सुबह कलफ लगे कुर्ते-पायजामे पहनकर लघु सचिवालय पहुंच जाता था। उनके मुताबिक ये लोग बिचौलियों, दलालों और ‘सेटिंग’ कराने का काम करते थे।

बिचौलियों और दलालों के वर्चस्व का लगाया था आरोप

अर्चना गुप्ता ने कहा था कि पूर्व सरकारों के दौरान सरकारी नौकरियों में भारी भ्रष्टाचार था। उन्होंने दावा किया था कि लोगों को नौकरी पाने के लिए अपनी जमीन, घर या मां के जेवर तक बेचने पड़ते थे या फिर केवल रिश्तेदारों और सिफारिश वालों को ही नौकरियां मिलती थीं।

भाजपा सरकार में पारदर्शिता का किया दावा

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा था कि भाजपा सरकार आने के बाद भर्ती प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता लाई गई। उन्होंने कहा था कि बिचौलियों की दुकानदारी पूरी तरह बंद हो चुकी है और अब उनके कुर्ते-पजामे खूंटियों पर टंग गए हैं। किसी बिचौलिये या ‘विशेष वर्ग’ के हस्तक्षेप का सवाल ही नहीं उठता।

बयान पर विवाद बढ़ा तो अर्चना गुप्ता ने दी सफाई

अपने बयान को लेकर विवाद बढ़ने के बाद 11 अगस्त को अर्चना गुप्ता ने स्पष्टीकरण दिया था। उन्होंने कहा था कि विशेष वर्ग से उनका मतलब किसी जाति या समुदाय से नहीं था। उनका इशारा उन बिचौलियों और कथित दलालों की ओर था, जो पिछली सरकारों में सफेद कुर्ता-पायजामा पहनकर सचिवालय पहुंचते थे और व्यवस्था में प्रभाव रखते थे।

उन्होंने कहा था कि चाहे हुड्डा सरकार रही हो या इनेलो की सरकार, ऐसे मध्यस्थों के माध्यम से सिस्टम बनाया जाता था और नौकरियां दिलाने के नाम पर लोगों से पैसा लिया जाता था। भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया था कि अब ऐसे लोगों का दौर समाप्त हो चुका है और उनका ‘कुर्ता-पायजामा खूंटी पर टंग चुका है’

अर्चना गुप्ता के बयान पर नेताओं ने भी जताई आपत्ति

अर्चना गुप्ता के बयान को लेकर दूसरे नेताओं की भी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कांग्रेस की आगाज-ए-दोस्ती अमन यात्रा कार्यक्रम में करनाल पहुंचे कांग्रेस नेता चौधरी बीरेंद्र सिंह ने कहा कि सबसे पहले बोलने का सलीका सीखना चाहिए। उन्होंने कहा कि अर्चना गुप्ता यह बात दूसरे तरीके से भी कह सकती थीं।

बीरेंद्र सिंह ने कहा कि जिस प्रदेश या क्षेत्र में किसी समुदाय की संख्या अधिक हो, उसके खिलाफ दूसरे लोगों को खड़ा करने का प्रयास गलत है।

दिग्विजय चौटाला ने बताया ‘पढ़ी लिखी अनपढ़’

जननायक जनता पार्टी (जजपा) नेता दिग्विजय चौटाला ने अर्चना गुप्ता को ‘पढ़ी लिखी अनपढ़’ बताया। उन्होंने कहा कि यह रूढ़ीवादी मानसिकता के लोग हैं और इनको डॉक्टर की उपाधि कहां से मिली है, यह पूछना चाहिए।

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि डॉक्टर को हम भगवान का रूप मानते हैं। डॉक्टर की धर्म और जाति नहीं होती। उन्होंने कहा कि डॉ. अर्चना गुप्ता विशेष वर्ग की बात करती हैं, जबकि विशेष वर्ग की बात से राजनीति नहीं होती, 36 बिरादरी से होती है

पूर्व मंत्री संपत सिंह ने FIR के लिए SP को शिकायत दी

इनेलो के राष्ट्रीय संरक्षक एवं पूर्व कैबिनेट मिनिस्टर प्रो. संपत सिंह ने हिसार SP को अर्चना गुप्ता के खिलाफ शिकायत दी है। प्रो. संपत सिंह ने आरोप लगाया कि डॉ. अर्चना गुप्ता ने जाट समुदाय को ‘विशेष वर्ग’ बताते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला और भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा का भी नाम लिया।

शिकायत में दावा किया गया है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जाट समुदाय से जुड़े लोगों को लुटेरा, बिचौलिया और दलाल कहा गया। संपत सिंह ने शिकायत में कहा कि इस तरह के बयान से हरियाणा की 22% आबादी वाले जाट समुदाय में रोष पैदा हुआ है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए FIR दर्ज करना जरूरी बताया है।

हिसार में अर्चना गुप्ता का पुतला भी फूंका

इस विवाद के बीच हिसार में बीजेपी ऑफिस के आगे आईएसओ (इंडियन स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन) के प्रदेश अध्यक्ष साहिल दीप कसवां ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता का पुतला फूंका। इस तरह अर्चना गुप्ता के बयान को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और विरोध का सिलसिला जारी है।