हरियाणा में बिजली संकट पर फूटा गुस्सा, ग्रामीणों ने 3 घंटे लगाया जाम
फतेहाबाद के धारसूल गांव में बिजली कटौती से नाराज ग्रामीणों ने जाखल-कुलां मार्ग पर तीन घंटे तक जाम लगाया। एसडीओ के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों ने जाखल-कुलां मार्ग पर लगाया जाम
करीब 3 घंटे तक सड़क पर बैठकर सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ किया प्रदर्शन
एसडीओ और पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने खोला जाम
फतेहाबाद जिले के गांव धारसूल में लगातार बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा शनिवार सुबह फूट पड़ा। ग्रामीणों ने जाखल-कुलां मार्ग पर नहर पुल के पास सड़क जाम कर दी और सरकार तथा बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से गांव में बिजली आपूर्ति लगातार बाधित हो रही है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया, जिसके कारण खेती-बाड़ी और घरेलू कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों सुरेश, संदीप, मुकेश, संतोष और कमला ने बताया कि भीषण गर्मी के बीच लंबे बिजली कट लोगों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। बिजली नहीं होने से पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है और बच्चों तथा बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत झेलनी पड़ रही है।
जाम की सूचना मिलते ही कुलां चौकी इंचार्ज एएसआई जितेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं बिजली निगम के एसडीओ संजय सिंगला भी ग्रामीणों से बातचीत करने के लिए घटनास्थल पर पहुंचे।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया और बिजली समस्या के जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद ग्रामीण आश्वस्त हुए और जाम समाप्त करने पर सहमत हो गए।
करीब तीन घंटे तक चले इस प्रदर्शन के कारण कुलां-जाखल मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। कई वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा।
एसडीओ संजय सिंगला ने कहा कि ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है और बिजली आपूर्ति संबंधी समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने शांतिपूर्वक जाम खोल दिया और यातायात सामान्य हो गया।
pooja