होली की रंजिश में महेंद्र की ह*त्या, तलवार-लाठी से हमला
फतेहाबाद के झलनिया में होली की पुरानी रंजिश में 40 वर्षीय महेंद्र की हत्या कर दी गई। बाइक से लौटते समय तलवार और डंडों से हमला हुआ।
होली के पुराने झगड़े की रंजिश में 40 वर्षीय महेंद्र की हत्या
➤ बाइक से घर लौटते समय रास्ते में घेरकर तलवार और डंडों से हमला
➤ हत्या की जिम्मेदारी लेने वाले VIDEO में गवाही देने वालों को भी धमकी
फतेहाबाद में होली के दौरान हुए झगड़े की रंजिश में 40 वर्षीय व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि सोमवार रात काम से बाइक पर घर लौट रहे महेंद्र को गांव में रास्ते में घेर लिया गया और लाठी-डंडों तथा तलवार से ताबड़तोड़ हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल महेंद्र ने गली में ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। सदर थाना पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर गांव के ही पांच लोगों के खिलाफ हत्या, आपराधिक षड्यंत्र और साझा मंशा से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।
घटना के बाद एक VIDEO भी सामने आया है, जिसमें तीन युवक झलनिया में हुई हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा करते नजर आ रहे हैं। VIDEO में एक युवक हत्या की जिम्मेदारी लेने के साथ गवाही देने और बीच में आने वालों को भी मारने की धमकी देता दिखाई दे रहा है। युवक यह भी कहता है कि अभी सामने वाले उसे जानते नहीं हैं। हालांकि, दैनिक भास्कर ने इस VIDEO की पुष्टि नहीं की है।
काम से घर लौट रहा था महेंद्र, रास्ते में घेरकर हमला
मृतक की पहचान गांव झलनिया निवासी महेंद्र (40) के रूप में हुई है। वह मकानों में टाइल लगाने का काम करता था। परिवार में अब उसकी पत्नी ही बची है। महेंद्र शादीशुदा था और उसकी कोई संतान नहीं थी। एक बच्चा हुआ था, लेकिन जन्म के कुछ दिन बाद ही उसकी मौत हो गई थी।
मृतक के भाई बुधराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 24 अगस्त की रात करीब 9 बजे के बाद महेंद्र काम निपटाकर बाइक से घर लौट रहा था। गांव में पहुंचने के बाद रास्ते में पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उसे रोक लिया।
बुधराम के मुताबिक, उसने देखा कि गांव के अजय और रामू दोनों भाई तथा सतीश महेंद्र को घेरकर डंडों और तलवार से हमला कर रहे थे। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। महेंद्र गंभीर हालत में गली में पड़ा रहा और बाद में उसकी मौत हो गई।
होली पर हुआ था झगड़ा, बाद में हुआ था राजीनामा
बुधराम ने पुलिस को बताया कि होली पर दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। आरोप है कि देवेंद्र ने बाबा साहब अंबेडकर पर टिप्पणी की थी, जिसके बाद उसने महेंद्र को थप्पड़ मार दिया था। हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच राजीनामा हो गया था।
बुधराम का आरोप है कि इसके बावजूद देवेंद्र और उसके भाई दर्शन सिंह ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर साजिश के तहत महेंद्र की हत्या करवाई। सामने आए VIDEO में रामू हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा करता नजर आ रहा है।
हत्या के बाद सामने आया VIDEO, गवाही देने वालों को धमकी
हत्या के बाद सामने आए VIDEO ने मामले को और गंभीर बना दिया है। इसमें तीन युवक हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा करते दिखाई दे रहे हैं। VIDEO में एक युवक कहता है कि झलनिया में जो हत्या हुई है, वह उन्होंने की है। इसके साथ ही वह गवाही देने वाले और बीच में आने वाले लोगों को भी इसी तरह मारने की धमकी देता है।
युवक आगे यह भी कहता है कि अभी सामने वाले उन्हें जानते नहीं हैं। हालांकि, इस VIDEO की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पांच आरोपियों पर केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सदर थाना पुलिस और सीन ऑफ क्राइम टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल फतेहाबाद पहुंचाया, जहां पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की गई।
मृतक के भाई बुधराम की शिकायत के आधार पर पुलिस ने देवेंद्र, दर्शन सिंह, अजय, रामू और सतीश के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों पर BNS की धारा 103(1) (हत्या), 61 (आपराधिक षड्यंत्र) और 3(5) (साझा मंशा) के तहत केस दर्ज किया गया है।
मामले में सामने आए VIDEO, पुराने विवाद और हत्या के घटनाक्रम को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
Akhil Mahajan