हरियाणा में हड़ताल खत्म,डीएमसी ने दिए री-ज्वाइनिंग लेटर
फतेहाबाद में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल डीएमसी प्रवीन कुमार की बातचीत और री-जॉइनिंग लेटर के बाद खत्म हुई। 65 ठेका कर्मियों की जॉइनिंग पर बातचीत जारी है।
फतेहाबाद में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, डीएमसी ने हटाए कर्मियों को दिए री-ज्वाइनिंग लेटर
➤ ईओ के सेवा बहाली से इनकार पर भड़के थे कर्मचारी, 65 ठेका कर्मियों की जॉइनिंग पर बातचीत जारी
➤ रतिया के कर्मचारियों को जॉइनिंग कराने के लिए नगर पालिका अधिकारियों को फोन पर दिए निर्देश
हरियाणा सरकार और नगर पालिका सफाई कर्मचारी यूनियन के बीच 16 मांगों पर सहमति बनने के बाद प्रदेशभर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म हो गई। हालांकि, फतेहाबाद जिले में स्थानीय स्तर पर कर्मचारियों की बहाली को लेकर मामला अटका हुआ था। कर्मचारियों ने हटाए और सस्पेंड किए गए कर्मियों को वापस सेवा में लेने की मांग को लेकर हड़ताल जारी रखी थी।
इसी बीच डीएमसी प्रवीन कुमार कर्मचारियों के धरनास्थल पर पहुंचे और उनसे बातचीत की। बातचीत के बाद हटाए गए कर्मचारियों को री-ज्वाइनिंग लेटर दिए गए और उनकी हाजिरी भी लगवाई गई। वहीं, ठेके पर लगे 65 कर्मचारियों की जॉइनिंग को लेकर अभी बातचीत जारी है। इसके साथ ही रतिया के कर्मचारियों को भी जॉइनिंग करवाने के लिए नगर पालिका अधिकारियों को फोन पर निर्देश दिए गए। इसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म करने का फैसला लिया।
सेवा से हटाए और सस्पेंड किए कर्मचारियों की बहाली को लेकर था विवाद
फतेहाबाद में हड़ताल जारी रहने की मुख्य वजह स्थानीय स्तर पर हटाए गए कर्मचारियों की सेवा बहाल नहीं होना थी। यूनियन का कहना था कि फतेहाबाद में जिला प्रधान विजय ढाका और कैशियर वीरू (पालिका रोल) को सेवा से हटा दिया गया है। वहीं, महिला नेत्री किरण (रेगुलर) को सस्पेंड किया गया है।
इसके अलावा रतिया में भी नोटिस देकर सेवा से हटाए गए 10 पेरोल कर्मचारियों को काम पर वापस लेने से मना कर दिया गया था। यूनियन के जिला प्रधान विजय ढाका ने कर्मचारियों की बहाली को लेकर नगर परिषद ईओ से बातचीत की थी।
कर्मचारियों का कहना था कि जब तक स्थानीय स्तर पर हटाए गए और सस्पेंड किए गए कर्मचारियों को वापस सेवा में नहीं लिया जाता, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे।
ईओ के इनकार से बढ़ी कर्मचारियों की नाराजगी, राज्य कमेटी से किया संपर्क
कर्मचारियों की बहाली को लेकर बातचीत के बावजूद ईओ ने सस्पेंड और सेवा से हटाए गए कर्मचारियों को वापस लेने से इनकार कर दिया। ईओ के इस रुख से सफाई कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ गई। कर्मचारियों के अनुसार, ठेके पर लगे कर्मियों को भी वापस काम पर नहीं बुलाया जा रहा था।
इसके बाद स्थानीय नेताओं ने मामले को लेकर राज्य कमेटी से संपर्क किया। राज्य कमेटी से चर्चा और दिशा-निर्देश मिलने के बाद फैसला लिया गया कि जब तक फतेहाबाद और रतिया के सभी हटाए और सस्पेंड किए गए कर्मचारियों की सेवाएं बहाल नहीं होतीं, तब तक दोनों शहरों में हड़ताल जारी रहेगी।
इस फैसले के बाद फतेहाबाद और रतिया दोनों कस्बों में सफाई व्यवस्था पटरी पर लौटने के बजाय और बिगड़ती नजर आ रही थी। कर्मचारियों की मांग थी कि सेवा से हटाए गए और सस्पेंड किए गए सभी कर्मचारियों को वापस लिया जाए।
धरनास्थल पर पहुंचे डीएमसी प्रवीन कुमार, कर्मचारियों से की बातचीत
हड़ताल बढ़ने की सूचना मिलने के बाद डीएमसी प्रवीन कुमार नगर परिषद में स्थित धरनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने धरने पर बैठे कर्मचारियों से बातचीत की और उनकी मांगों को सुना।
बातचीत के दौरान कर्मचारियों ने हटाए गए सभी कर्मियों को सेवा में वापस लेने के साथ ही ठेके पर लगे 65 कर्मियों को भी काम पर वापस लगाने की मांग उठाई।
डीएमसी ने कर्मचारियों को बताया कि हरियाणा स्तर पर जो फैसला लिया गया है, वही फतेहाबाद में भी लागू होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यहां अलग से कोई कानून नहीं है। फैसले में एफआईआर वापस होने और हटाए गए कर्मियों को वापस लेने की मांगें शामिल हैं।
हटाए गए कर्मचारियों को री-ज्वाइनिंग लेटर देकर लगवाई हाजिरी
बातचीत के बाद हटाए गए कर्मचारियों को री-ज्वाइनिंग लेटर दिए गए और उनकी हाजिरी भी लगवाई गई। इससे कर्मचारियों की प्रमुख मांग पूरी हुई और उन्होंने हड़ताल खत्म करने का फैसला लिया।
हालांकि, ठेके पर लगे 65 कर्मचारियों की जॉइनिंग को लेकर अभी बातचीत जारी है। इस मुद्दे पर आगे की प्रक्रिया को लेकर कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच चर्चा चल रही है।
रतिया के कर्मचारियों की जॉइनिंग के लिए अधिकारियों को दिए फोन पर निर्देश
फतेहाबाद के साथ रतिया के सफाई कर्मचारियों की जॉइनिंग को लेकर भी डीएमसी ने कार्रवाई की। उन्होंने रतिया के कर्मचारियों को जॉइनिंग करवाने के लिए फोन पर रतिया नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए।
इसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म कर दी। इस तरह हटाए गए कर्मचारियों की री-जॉइनिंग और रतिया के कर्मचारियों को वापस काम पर लेने के निर्देश के बाद फतेहाबाद जिले में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल फिलहाल खत्म हो गई है। ठेके पर लगे 65 कर्मचारियों की जॉइनिंग को लेकर बातचीत अभी जारी है।
Akhil Mahajan