अमेरिकी Apple यूजर्स को ठगने वाला फर्जी कॉल सेंटर पकड़ा, 5 युवतियों समेत 17 गिरफ्तार, ऐसे बनाते थे शिकार
फर्जी Apple टेक सपोर्ट कॉल सेंटर का खुलासा हुआ है। पुलिस ने पांच युवतियों समेत 17 आरोपियों को गिरफ्तार कर उपकरण और डिफेंडर कार बरामद की।
➤ सेक्टर-61 की बिल्डिंग में चल रहा था फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटर, चार महीने से कर रहे थे ठगी
➤ अमेरिकी नागरिकों को फर्जी सिक्योरिटी अलर्ट भेजकर Apple गिफ्ट कार्ड के जरिए ऐंठते थे रकम
➤ 15 कंप्यूटर, 6 लैपटॉप और 5 मोबाइल जब्त, एक आरोपी के पास से नई डिफेंडर कार बरामद
गुरुग्राम में बैठकर अमेरिका के Apple यूजर्स को तकनीकी सहायता देने के नाम पर ठगने वाले एक फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटर का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। साइबर क्राइम पुलिस टीम ने गुरुवार को सेक्टर-61 स्थित एमराल्ड डिजिटल ग्रीन्स बिल्डिंग की 18वीं मंजिल पर चल रहे इस कॉल सेंटर में छापेमारी कर 12 युवकों और 5 युवतियों समेत कुल 17 लोगों को गिरफ्तार किया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह गिरोह पिछले करीब चार महीनों से सक्रिय था और Apple डिवाइस में तकनीकी खराबी तथा डेटा हैक होने का डर दिखाकर मुख्य रूप से अमेरिकी नागरिकों को निशाना बना रहा था।
पुलिस के मुताबिक, कॉल सेंटर को इस तरह संचालित किया जा रहा था कि बाहर से देखने पर वह किसी सामान्य कॉर्पोरेट ऑफिस जैसा दिखाई देता था। वहां काम करने वाले लोगों के लिए कॉर्पोरेट दफ्तर जैसी सुविधाएं मौजूद थीं। छापेमारी के दौरान पुलिस को 15 कंप्यूटर सिस्टम, 6 लैपटॉप, 5 मोबाइल फोन और कॉलिंग से जुड़े उपकरण मिले। पुलिस ने एक आरोपी साजिया खान के कब्जे से नई डिफेंडर कार भी बरामद की है।
फर्जी सिक्योरिटी अलर्ट भेजकर फंसाते थे यूजर्स को
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे Apple iPhone और दूसरे डिवाइस इस्तेमाल करने वालों को फर्जी सिक्योरिटी अलर्ट भेजते थे। इन पॉप-अप संदेशों में दावा किया जाता था कि डिवाइस में गंभीर तकनीकी खराबी आ गई है या यूजर का निजी डेटा हैक किया जा रहा है। इस तरह लोगों को घबराकर तत्काल तकनीकी सहायता लेने के लिए मजबूर किया जाता था।
गिरोह मुख्य रूप से अमेरिका के नागरिकों को निशाना बनाता था। फर्जी पॉप-अप में एक टोल-फ्री नंबर दिया जाता था। यूजर जब उस नंबर पर कॉल करता था तो उसकी कॉल सीधे गुरुग्राम स्थित इस फर्जी कॉल सेंटर में पहुंच जाती थी। वहां बैठे आरोपी खुद को Apple का आधिकारिक प्रतिनिधि बताकर डिवाइस की समस्या दूर करने का भरोसा देते थे।
Apple गिफ्ट कार्ड के जरिए वसूलते थे रकम
यूजर्स का भरोसा जीतने के बाद आरोपी उनसे तकनीकी सहायता और सर्विस चार्ज के नाम पर Apple गिफ्ट कार्ड खरीदवाते थे। इसके बाद गिफ्ट कार्ड के कोड हासिल कर उसकी रकम भुना लेते थे। इस तरीके से गिरोह विदेशी नागरिकों को ठगी का शिकार बना रहा था।
पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में कंप्यूटर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। एसीपी साइबर क्राइम गौरव फौगाट के अनुसार, कार्रवाई के दौरान 15 कंप्यूटर सिस्टम, 6 लैपटॉप, 5 मोबाइल फोन और कॉलिंग से जुड़े उपकरण बरामद किए गए हैं। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से डिफेंडर कार भी मिली है।
दिल्ली, यूपी और कई राज्यों के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार किए गए 17 आरोपियों में 7 दिल्ली, 4 उत्तर प्रदेश, 2 हरियाणा, 1 पश्चिम बंगाल, 1 मेघालय, 1 मणिपुर और 1 असम-नागालैंड से हैं। आरोपियों की शैक्षणिक योग्यता 12वीं कक्षा से लेकर ग्रेजुएशन तक बताई गई है। उनकी उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार लोगों में अनीस और दीप नाम के दो व्यक्ति टीम का नेतृत्व करते मिले। वहीं, साजिया खान नाम की युवती के कब्जे से नई डिफेंडर कार बरामद हुई है। साजिया मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ की रहने वाली है और वर्तमान में गुरुग्राम के डीएलएफ फेस-3 में रहती है।
मुख्य मास्टरमाइंड चिराग उद्दीन अशरफी फरार
पुलिस की जांच में इस पूरे नेटवर्क का कथित मास्टरमाइंड चिराग उद्दीन अशरफी बताया गया है। वह दिल्ली के लक्ष्मीनगर का रहने वाला है। छापेमारी की भनक लगने के बाद वह मौके से फरार हो गया। पुलिस टीमें उसकी तलाश में दिल्ली और एनसीआर में दबिश दे रही हैं।
गिरफ्तार किए गए सभी 17 आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लिया गया है। अब उनसे पूछताछ कर कॉल सेंटर के संचालन, विदेशी संपर्कों और ठगी के नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
बैंक खातों और क्रिप्टो वॉलेट की जांच
पुलिस आरोपियों के बैंक खातों और क्रिप्टो वॉलेट की भी जांच कर रही है। जब्त किए गए कंप्यूटरों का डेटा खंगालकर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चार महीने के दौरान कितने अमेरिकी नागरिकों को निशाना बनाया गया और गिरोह ने कुल कितनी रकम की ठगी की। जांच के दौरान गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और इसके नेटवर्क की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
Akhil Mahajan