ऑपरेशन सिंदूर पर बवाल,जगत नेगी को हटाने की मांग, भाजपा का वॉकआउट

हिमाचल विधानसभा में जगत सिंह नेगी की राफेल और ऑपरेशन सिंदूर पर टिप्पणी से हंगामा हुआ। भाजपा ने मंत्री को हटाने की मांग की, विधायकों ने वॉकआउट किया।

ऑपरेशन सिंदूर पर बवाल,जगत नेगी को हटाने की मांग, भाजपा का वॉकआउट

ऑपरेशन सिंदूर और राफेल पर जगत सिंह नेगी की टिप्पणी से हिमाचल विधानसभा में हंगामा

➤ भाजपा विधायकों ने मंत्री को पद से हटाने की मांग की, मुख्यमंत्री के जवाब से असंतुष्ट होकर किया वॉकआउट

➤ विधानसभा अध्यक्ष ने दिया भरोसा, सेना और रक्षा बलों के सम्मान के खिलाफ कोई अमर्यादित शब्द रिकॉर्ड में नहीं रहेगा

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पांचवें दिन शुक्रवार को ऑपरेशन सिंदूर और राफेल लड़ाकू विमान को लेकर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की टिप्पणी पर जोरदार हंगामा हुआ। भारतीय सेना के सम्मान और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता से जुड़े बयान को लेकर भाजपा विधायकों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। विपक्ष ने मंत्री के खिलाफ कार्रवाई करने और उन्हें पद से हटाने की मांग उठाई। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के जवाब से असंतुष्ट भाजपा विधायक नारेबाजी करते हुए सदन से बाहर चले गए।

मामले पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के बीच भी तीखी राजनीतिक तकरार देखने को मिली। मुख्यमंत्री ने विपक्ष के विरोध को लेकर कहा कि अगर विपक्ष को हल्ला करना है तो करे और वॉकआउट करना है तो करे। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने सदन में मंत्री का भाषण सुना है और उसमें सेना के खिलाफ कोई टिप्पणी नहीं की गई।

मुख्यमंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, "झूठ बोलने में भाजपा को पीएचडी है। हमें देशभक्ति का पाठ न पढ़ाएं, अपनी देशभक्ति का उदाहरण दें।" उनके इस जवाब से भाजपा विधायक संतुष्ट नहीं हुए और विरोध जताते हुए सदन से बाहर चले गए।

जयराम ठाकुर बोले- सेना के सम्मान से जुड़ा मामला, मंत्री को पद से हटाए सरकार

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंत्री जगत सिंह नेगी को पद से हटाने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना देश की आन-बान और शान है। सेना के सम्मान से जुड़े मामले में सरकार को गंभीरता दिखानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सेना के खिलाफ टिप्पणी करने वाले मंत्री के विरुद्ध कार्रवाई होनी चाहिए।

भाजपा का आरोप है कि जगत सिंह नेगी ने ऑपरेशन सिंदूर और राफेल विमानों को लेकर ऐसी टिप्पणी की, जिससे भारतीय सेना के शौर्य और सैन्य अभियान की सफलता पर सवाल खड़े होते हैं। इसी मुद्दे को लेकर विपक्ष लगातार मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है।

विधानसभा अध्यक्ष ने दिया भरोसा, रिकॉर्ड से हटाए जाएंगे अमर्यादित शब्द

विधानसभा में बढ़ते विवाद के बीच अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने मामले पर हस्तक्षेप किया। उन्होंने कहा कि वह सदन की कार्यवाही का रिकॉर्ड खुद जांचेंगे। साथ ही भरोसा दिलाया कि सेना और रक्षा बलों के सम्मान के खिलाफ कोई भी अमर्यादित शब्द रिकॉर्ड में नहीं रहेगा। जांच के बाद ऐसे शब्दों को कार्यवाही से हटा दिया जाएगा।

अध्यक्ष के इस आश्वासन के बावजूद भाजपा विधायक अपने रुख पर कायम रहे। मुख्यमंत्री के जवाब से असंतुष्ट भाजपा विधायकों ने नारेबाजी की और सदन से बाहर जाकर विरोध जताया।

18 नवंबर को राफेल और ऑपरेशन सिंदूर पर टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद

इस पूरे विवाद की शुरुआत 18 नवंबर को विधानसभा में हुई थी। उस दिन 'हिमाचल ऑन सेल' के मुद्दे पर नियम-67 के तहत चर्चा चल रही थी। इसी दौरान राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने राफेल लड़ाकू विमान सौदे और ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे।

जगत सिंह नेगी ने सदन में कहा था कि राफेल विमान 700 करोड़ रुपए में खरीदा जाना था, लेकिन इसे 2,300 करोड़ रुपए में खरीदा गया। उन्होंने विमान की कीमत में हुई बढ़ोतरी पर सवाल उठाते हुए पूछा था कि क्या विमान पर सोने-चांदी की परत चढ़ाई गई थी, जो इसकी कीमत इतनी बढ़ गई।

मंत्री ने इसके बाद ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र किया था। उन्होंने सवाल उठाया था कि क्या राफेल विमानों ने पाकिस्तान के छक्के छुड़ा दिए? इसके आगे उन्होंने कहा था, 'उल्टे अपने ही छक्के छूट गए।'

जगत सिंह नेगी की इसी टिप्पणी पर भाजपा ने कड़ा ऐतराज जताया। पार्टी ने इसे भारतीय सेना के शौर्य और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर सवाल उठाने वाला बयान बताया। इसके बाद से ही भाजपा मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है।

जगत सिंह नेगी ने आरोपों को नकारा, माफी मांगने से भी किया इनकार

विवाद बढ़ने के बाद मंत्री जगत सिंह नेगी ने भाजपा के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणी भारतीय सेना के खिलाफ नहीं थी। उनका कहना था कि उन्होंने राफेल सौदे में कथित भ्रष्टाचार और विमान की खरीद कीमत को लेकर सवाल उठाए थे।

नेगी ने आरोप लगाया कि भाजपा उनके बयान को संदर्भ से हटाकर पेश कर रही है। उन्होंने अपनी टिप्पणी वापस लेने या माफी मांगने से भी इनकार कर दिया।

इसी बयान को लेकर शुक्रवार को विधानसभा में फिर से टकराव की स्थिति बन गई। एक तरफ भाजपा मंत्री को पद से हटाने की मांग पर अड़ी रही, वहीं मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंत्री के बयान में सेना के खिलाफ टिप्पणी होने से इनकार किया। विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यवाही के रिकॉर्ड की जांच का भरोसा दिया है।