हरियाणा में दर्दनाक हा*दसा, गलत साइड से आई XUV ने साइकिल सवार की ली जा*न
कुरुक्षेत्र के पिहोवा में तेज रफ्तार XUV ने गलत साइड में आकर साइकिल सवार दुकानदार सुरेश कुमार को टक्कर मार दी। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई, जबकि चालक फरार है।
- तेज रफ्तार XUV ने गलत साइड में आकर साइकिल सवार को मारी टक्कर
- दूध सप्लाई कर घर लौट रहे दुकानदार सुरेश कुमार की इलाज के दौरान मौत
- हादसे के बाद ड्राइवर फरार, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की
कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा में सड़क हादसे में एक दूध विक्रेता और किराना दुकानदार की मौत हो गई। हादसा अंबाला-पिहोवा रोड पर जुरासी गांव के कट के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार महिंद्रा XUV ने गलत दिशा में आकर साइकिल सवार को सामने से टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान सुरेश कुमार (42) निवासी हरिगढ़-भौरख के रूप में हुई है। सुरेश गांव में दूध की डेयरी और किराने की दुकान चलाते थे। रोजाना की तरह वह पिहोवा में दूध की सप्लाई करने के बाद किराना का सामान लेकर साइकिल से अपने गांव लौट रहे थे।
मृतक के चचेरे भाई गुरप्रीत सिंह के अनुसार, सुरेश जब जुरासी कट से आगे अंबाला की ओर बढ़ रहे थे, तभी सामने से आ रही महिंद्रा XUV (HR41F-9741) के चालक ने अचानक कट मारते हुए गलत साइड में वाहन ले जाकर उनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि सुरेश उछलकर सीधे XUV के अगले शीशे से जा टकराए। हादसे में उनके सिर और पैरों में गंभीर चोटें आईं। उनकी साइकिल सड़क किनारे खेत में जा गिरी, जबकि सुरेश सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
राहगीरों की मदद से घायल सुरेश को उसी XUV में डालकर पिहोवा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया। इसी दौरान XUV चालक अस्पताल में अपनी गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।
परिजन सुरेश को एंबुलेंस से PGI चंडीगढ़ ले जा रहे थे, लेकिन अंबाला के पास उनकी तबीयत अधिक बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें वापस एलएनजेपी अस्पताल, कुरुक्षेत्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और चालक की लापरवाही की जांच में जुटी है।
pooja