डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र के लिए अभियान-5 शुरू, अब घर बैठे फेस ऑथेंटिकेशन से होगा सत्यापन

सोनीपत में डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान-5 शुरू हुआ। पेंशनभोगी स्मार्टफोन से फेस ऑथेंटिकेशन सुविधा अपनाकर घर बैठे जीवन प्रमाण-पत्र जमा करवा सकेंगे।

डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र के लिए अभियान-5 शुरू, अब घर बैठे फेस ऑथेंटिकेशन से होगा सत्यापन

➤ स्मार्टफोन से फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए जमा कर सकेंगे डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र

➤ जिला कोषाधिकारी संजीव कुमार ने अधिकारियों और कर्मचारियों को दिए जागरूकता के निर्देश

➤ पेंशनभोगियों से डिजिटल माध्यम अपनाकर अभियान में भाग लेने की अपील


सोनीपत, 2 नवंबर। पेंशनभोगियों को जीवन प्रमाण-पत्र जमा करवाने के लिए अब सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी। भारत सरकार ने पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र (DLC) अभियान-5 शुरू किया है। इसके तहत पेंशनभोगी अपने स्मार्टफोन में उपलब्ध फेस ऑथेंटिकेशन सुविधा का इस्तेमाल करके डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा करवा सकते हैं। इस व्यवस्था का उद्देश्य जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया को आसान और सुविधाजनक बनाना है।

इस अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जिला कोषाधिकारी संजीव कुमार ने सोनीपत जिले के सभी सहायक कोषाधिकारियों (ATOs) और पेंशन संबंधी कार्यों से जुड़े कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी और कर्मचारी पेंशनभोगियों को इस डिजिटल सुविधा के बारे में जानकारी दें और प्रमाण-पत्र तैयार करने तथा जमा करवाने में उनकी मदद करें।

संजीव कुमार ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य पेंशनभोगियों के लिए जीवन प्रमाण-पत्र जमा करवाने की प्रक्रिया को सरल, सुविधाजनक और परेशानी रहित बनाना है। इसके लिए विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अधिक से अधिक पेंशनभोगियों तक इस सुविधा की जानकारी पहुंचाएं, ताकि कोई भी पात्र पेंशनभोगी इस सुविधा का लाभ उठाने से वंचित न रहे।

जिला कोषाधिकारी ने सभी पेंशनभोगियों से अपील की कि वे अभियान-5 के तहत अपने स्मार्टफोन में फेस ऑथेंटिकेशन सुविधा का उपयोग कर डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा करवाएं। उन्होंने पेंशनभोगियों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करने और डिजिटल माध्यम को अपनाने का आग्रह किया।