खर्चे के पैसे मांगने गर्लफ्रेंड को मार डाला, क्राइम ब्रांच ने दबोचा
फरीदाबाद के होटल में चांदनी की हत्या के मामले में DLF क्राइम ब्रांच ने शेखर कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार खर्चे के पैसों पर विवाद हुआ था।
➤ 40 वर्षीय चांदनी की हत्या के मामले में आरोपी शेखर कुमार गिरफ्तार
➤ खर्चे के पैसे मांगने पर हुआ विवाद, साड़ी से गला घोंटकर हत्या करने का आरोप
➤ नकली पहचान पत्र से होटल में लिया था कमरा, वारदात के बाद फरार हो गया था आरोपी
हरियाणा के फरीदाबाद में एक होटल के कमरे में हुई 40 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान बिहार के मुंगेर निवासी चांदनी के रूप में हुई है। पुलिस की DLF क्राइम ब्रांच ने इस मामले में शेखर कुमार को गिरफ्तार किया है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि चांदनी और शेखर के बीच खर्चे के पैसों को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान शेखर ने पहले हाथों से चांदनी का गला दबाया और फिर उसकी साड़ी से गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी होटल से बाहर निकला और वापस नहीं लौटा। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने होटल में कमरा लेने के लिए किसी दूसरे व्यक्ति के पहचान पत्र का इस्तेमाल किया था।
दो साल पहले हुई थी दोनों की जान-पहचान
पुलिस के मुताबिक, मृतका चांदनी और आरोपी शेखर कुमार मूल रूप से बिहार के मुंगेर जिले के रहने वाले हैं। शेखर करीब चार साल पहले काम की तलाश में फरीदाबाद आया था और सीकरी इलाके में किराये पर रहता था। चांदनी और शेखर एक ही बिल्डिंग में ऊपर-नीचे रहते थे। इसी दौरान करीब दो साल पहले दोनों के बीच जान-पहचान हुई थी। बाद में दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं।
सुबह 10 बजे होटल पहुंची थी चांदनी
पुलिस जांच के अनुसार, 31 अक्टूबर को सुबह करीब 10 बजे चांदनी आरोपी शेखर के साथ बल्लभगढ़ के मथुरा रोड स्थित एक गेस्ट हाउस पहुंची थी। दोनों ने वहां कमरा लिया था। दोपहर करीब 2 बजे शेखर खाना लेने जाने की बात कहकर होटल से बाहर निकला, लेकिन वापस नहीं आया।
रात के समय जब होटल का स्टाफ कमरे की तरफ पहुंचा तो दरवाजा खुला मिला। कमरे के अंदर चांदनी बेड पर बेसुध हालत में पड़ी थी। उसके साथ आया युवक वहां मौजूद नहीं था। होटल कर्मचारियों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया गया।
दूसरे व्यक्ति की ID दिखाकर लिया था कमरा
जांच में आरोपी की एक और चाल सामने आई। पुलिस पूछताछ में पता चला कि शेखर ने होटल में कमरा लेने के लिए अपनी असली पहचान का इस्तेमाल नहीं किया था। उसने अपने गांव के ही एक अन्य व्यक्ति के पहचान पत्र पर होटल में एंट्री कराई थी। इस तरीके से उसने अपनी वास्तविक पहचान छिपाने की कोशिश की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए DLF क्राइम ब्रांच ने जांच आगे बढ़ाई और आरोपी शेखर कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पति तीन महीने से बेंगलुरु में था
चांदनी के भाई घनश्याम के मुताबिक, उसके पति सुबोध कुमार करीब तीन महीने पहले काम के सिलसिले में बेंगलुरु चले गए थे। वह वहां पेंटर का काम करते हैं। परिवार पिछले करीब 10 वर्षों से फरीदाबाद में किराये के मकान में रह रहा था।
चांदनी तीन बच्चों की मां थी। उसकी बड़ी बेटी नेहा (20) की शादी हो चुकी है। बेटा सागर (16) और छोटी बेटी चंदा (13) अभी पढ़ाई कर रहे हैं।
दो महीने पहले बिहार गई थी चांदनी
परिवार के मुताबिक, फरीदाबाद में काम नहीं मिलने के कारण सुबोध कुमार बेंगलुरु चले गए थे। इसके बाद चांदनी करीब दो महीने पहले बच्चों के साथ बिहार चली गई थी। हालांकि, लगभग एक महीने पहले वह अकेली ही फरीदाबाद लौट आई थी।
यहां उसने गदपुरी इलाके में किराये पर कमरा लिया और मजदूरी करके अपना गुजारा कर रही थी। इसी बीच 31 अक्टूबर को वह शेखर के साथ बल्लभगढ़ के एक गेस्ट हाउस पहुंची, जहां उसकी हत्या हो गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब होटल में इस्तेमाल किए गए पहचान पत्र और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
Akhil Mahajan