सड़क किनारे टायर बदल रहे युवकों को कार ने कुचला, 3 की मौत; एक की हालत गंभीर
रोहतक के गांव शिमली के पास तेज रफ्तार कार ने पिकअप का टायर बदल रहे चार युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन की मौत और एक गंभीर घायल हुआ।
➤ गांव शिमली के पास तेज रफ्तार कार ने पिकअप का टायर बदल रहे चार युवकों को मारी टक्कर, तीन की मौत
➤ झज्जर के बेरी गेट से टेंट का सामान लेकर लौट रहे थे सभी, टायर फटने पर सड़क किनारे रुके थे
➤ मृतकों में यूपी के मैनपुरी और सीतापुर के युवक शामिल, गंभीर घायल अंशुल का PGI में इलाज जारी
हरियाणा के रोहतक में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। गांव शिमली के पास पिकअप गाड़ी का टायर बदल रहे चार युवकों को पीछे से आई तेज रफ्तार सफेद कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी युवक झज्जर के बेरी गेट से टेंट का सामान लेकर रोहतक लौट रहे थे। रास्ते में पिकअप का टायर फटने के कारण उन्हें सड़क किनारे रुकना पड़ा था। इसी दौरान पीछे से आई कार चार युवकों को अपनी चपेट में लेते हुए निकल गई। घायलों को राहगीरों की मदद से रोहतक PGI पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक का ट्रॉमा सेंटर में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामले में कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हादसे में तीन युवकों की मौत, एक गंभीर
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान उत्तर प्रदेश के मैनपुरी निवासी नगेंद्र (20), रोहतक के सुनारिया निवासी भोला (28) और उत्तर प्रदेश के सीतापुर निवासी मुकेश (26) के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल युवक की पहचान मैनपुरी निवासी अंशुल के रूप में हुई है।
घायल अंशुल को रोहतक PGI के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई गई है। तीनों मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए PGI के डेड हाउस में रखवाए गए हैं।
झज्जर से टेंट का सामान लेकर लौट रहे थे युवक
शिकायतकर्ता सूरज पुत्र राजेश कुमार निवासी गांव खाकेताल, जिला मैनपुरी, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी सुनारिया चौक ने पुलिस को बताया कि वह पिछले करीब एक साल से ढाका टेंट हाउस में मजदूरी का काम कर रहा है।
उसने बताया कि घटना वाले दिन वह नगेंद्र, मुकेश, भोला, अंशुल और जितिश के साथ पिकअप गाड़ी में झज्जर के बेरी गेट से टेंट का सामान लेकर लौट रहा था। रात करीब 11 बजे सभी रोहतक की तरफ आ रहे थे। हादसे के समय पिकअप नगेंद्र चला रहा था।
टायर बदलने के लिए सड़क पर उतरे थे युवक
सूरज के अनुसार, गांव शिमली के पास पहुंचने पर पिकअप का टायर अचानक फट गया। इसके बाद सभी युवक गाड़ी का टायर बदलने के लिए नीचे उतर गए।
अभी वे टायर बदल ही रहे थे कि पीछे से तेज रफ्तार में एक सफेद रंग की कार आई। कार ने नगेंद्र, भोला, मुकेश और अंशुल को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से निकल गया।
PGI में तीन को मृत घोषित किया, अंशुल की हालत गंभीर
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की मदद से चारों घायलों को तुरंत रोहतक PGI पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने नगेंद्र, भोला और मुकेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं अंशुल को गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर में भर्ती किया गया।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए डेड हाउस में रखवा दिया। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया अगले दिन कराए जाने की जानकारी दी गई है।
कार चालक के खिलाफ केस दर्ज
शिवाजी कॉलोनी थाना के SHO राकेश ने बताया कि गांव शिमली के पास देर रात सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने मृतकों के परिजनों की शिकायत के आधार पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
Akhil Mahajan