सांसद पप्पू यादव पर चप्पल फकने वाला निकला भाजपा का पदाधिकारी, इस शहर का नगर मंत्री
दिल्ली में सांसद पप्पू यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चप्पल फेंकने वाले आरोपी की पहचान बुलंदशहर के भाजपा नगर मंत्री के रूप में बताई गई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है
➤ पप्पू यादव पर चप्पल फेंकने वाले की पहचान बुलंदशहर के भाजपा नगर मंत्री के रूप में बताई गई
➤ दिल्ली स्थित आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मचा हंगामा, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
➤ चाकू लेकर आने के दावे और इनकार के बीच पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी
बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पर रविवार शाम दिल्ली स्थित उनके आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चप्पल फैंकने वाला भाजपा का पदाधिकारी निकला। बता दें कि इसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। मौजूद समर्थकों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसके साथ धक्का-मुक्की हुई। मौके पर मौजूद पुलिस ने हस्तक्षेप कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
घटना के बाद सामने आई जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान सुमित प्रधान उर्फ सुमित गिरि गोस्वामी के रूप में हुई है, जिसे उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में भाजपा का नगर मंत्री बताया जा रहा है। वहीं उसके साथी हैप्पी शर्मा को भाजपा का मंडल महामंत्री बताया गया है। इन दावों की आधिकारिक पुष्टि संबंधित एजेंसियों या पार्टी की ओर से नहीं की गई है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अचानक मचा हंगामा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आरोपी ने अचानक सांसद की ओर चप्पल फेंक दी। इसके बाद मौजूद समर्थकों ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान पुलिस ने बीच-बचाव कर आरोपी को अपने कब्जे में लिया और मौके से बाहर ले गई।
चाकू को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे
घटना के बाद पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि आरोपी चाकू लेकर उनकी हत्या की नीयत से आया था। उन्होंने कहा कि आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वहीं आरोपी पक्ष ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वे चाकू लेकर नहीं गए थे। उनका दावा है कि वे केवल विरोध दर्ज कराने पहुंचे थे और बाद में विवाद बढ़ गया।
संसद में विरोध प्रदर्शन के बाद बढ़ा विवाद
इस घटना से पहले पप्पू यादव संसद परिसर में भगवा वस्त्र पहनकर राम मंदिर चढ़ावे के मुद्दे पर प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं। उसी विवाद के बाद उनके खिलाफ विरोध तेज हुआ था। घटना को उसी घटनाक्रम से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
पुलिस जांच जारी
दिल्ली पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं, सुरक्षा व्यवस्था और दोनों पक्षों के दावों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan