हत्या केस में बंद कैदी ने जेल में अंगोछे से फंदा लगाकर दी जान
कैथल जिला जेल में हत्या के आरोपी कैदी ने बाथरूम की खिड़की पर अंगोछे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह तीन साल से जेल में बंद था। पुलिस जांच में जुटी है।
-
कैथल जेल में हत्या के आरोपी कैदी ने बाथरूम की खिड़की से लगाया फंदा
-
अंगोछे से किया सुसाइड, तीन साल से जेल में काट रहा था सजा
-
शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा, जांच में जुटी पुलिस
कैथल। जिला जेल में सोमवार सुबह एक 25 वर्षीय कैदी ने बाथरूम की खिड़की पर अंगोछे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक कैदी हत्या के मामले में पिछले तीन साल से जेल में बंद था। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान बलविंद्र कुमार, निवासी गांव पीडल (कैथल) के रूप में हुई है। सोमवार सुबह वह नहाने के बहाने बाथरूम गया था। लंबे समय तक बाहर न आने पर उसके साथी कैदियों को शक हुआ। जब उन्होंने दरवाजा खटखटाया और कोई जवाब नहीं मिला, तो जेल कर्मियों को सूचना दी।
जेल स्टाफ ने बाथरूम का दरवाजा तोड़ा तो बलविंद्र का शव खिड़की से अंगोछे के फंदे पर लटका मिला। तुरंत उसे नीचे उतारा गया और जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है।
सूत्रों के मुताबिक, बलविंद्र 2022 में चीका के एक व्यापारी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार हुआ था। बताया गया कि व्यापारी के साथ लेन-देन के विवाद के बाद उसने अपने साथियों संग मिलकर व्यापारी की हत्या कर दी थी। तब से वह कैथल जेल में बंद था।
फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है कि आत्महत्या के पीछे कोई दबाव या मानसिक तनाव तो नहीं था।
Author1