हरियाणा में गैंगवार का खूनी खेल! मोबाइल पर बात कर रहे युवक को गोलियों से भूना, गांव में फैली दहशत
झज्जर के सुबाना गांव में युवक हितेश उर्फ गुलू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस गैंगवार और पुरानी रंजिश के एंगल से मामले की जांच कर रही है।
● घर के बाहर मोबाइल पर बात कर रहे युवक की ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या
● बोलेरो से आए 3-4 बदमाशों ने 20 से ज्यादा राउंड फायर किए
● पुलिस को पुरानी रंजिश और गैंगवार का एंगल, जांच जारी
हरियाणा के झज्जर जिले के सुबाना गांव में गैंगवार से जुड़ी एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। गांव निवासी हितेश उर्फ गुलू की घर के बाहर खड़े होकर मोबाइल फोन पर बात करते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, हितेश अपने घर के बाहर मोबाइल फोन पर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान एक बोलेरो गाड़ी वहां आकर रुकी। गाड़ी से उतरे 3 से 4 युवकों ने उसे घेर लिया और बिना किसी चेतावनी के ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने हितेश पर करीब 20 से 25 राउंड गोलियां चलाईं। अचानक हुई फायरिंग से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और अपने घरों में छिप गए।
हमले में हितेश गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन और ग्रामीण उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से गोलियों के कई खोल बरामद किए और सबूत जुटाने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को मामला पुरानी रंजिश और गैंगवार से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। बताया जा रहा है कि एक आरोपी की पहचान कर ली गई है। मृतक के परिवार ने कुछ समय पहले भी इसी व्यक्ति पर गोलीबारी का आरोप लगाया था।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों पक्ष किस गैंग से जुड़े हुए थे और हत्या के पीछे असली वजह क्या थी। गांव में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस घटना के बाद पूरे गांव में भय और तनाव का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
pooja