हरियाणा में बेबी ICU में पिज्जा-गोलगप्पा पार्टी, वीडियो वायरल होने पर जांच शुरू
झज्जर के बहादुरगढ़ सिविल अस्पताल के SNCU वार्ड में डॉक्टर के प्रमोशन पर पिज्जा और गोलगप्पा पार्टी का वीडियो वायरल हुआ। मामले में अस्पताल प्रशासन ने विभागीय जांच शुरू कर दी है।
बहादुरगढ़ सिविल अस्पताल के बेबी ICU में डॉक्टर-नर्सों ने की पिज्जा और गोलगप्पा पार्टी
डॉक्टर के प्रमोशन का वीडियो वायरल होने पर अस्पताल प्रशासन ने शुरू की जांच
SNCU वार्ड में संक्रमण नियमों के उल्लंघन की आशंका, रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
हरियाणा के झज्जर जिले के बहादुरगढ़ सिविल अस्पताल की स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में डॉक्टर के प्रमोशन की खुशी में पिज्जा और गोलगप्पा पार्टी आयोजित किए जाने का मामला सामने आया है। इस दौरान का 54 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन ने पूरे मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो में डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ वार्ड के अंदर पिज्जा और गोलगप्पे खाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में एक महिला स्टाफ पूरे कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग करती भी दिखाई दे रही है। मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं।
सूत्रों के अनुसार, सोमवार को डॉ. जीतांशु के प्रमोशन की खुशी में SNCU वार्ड के भीतर ही पार्टी आयोजित की गई थी। बताया जा रहा है कि इस पार्टी में अस्पताल के अन्य वार्डों से भी स्टाफ नर्सों को बुलाया गया था। वहीं SNCU के इंचार्ज डॉ. अभिभूषण भी मौके पर मौजूद थे
वीडियो की शुरुआत में डॉ. जीतांशु स्टाफ को पिज्जा परोसते हुए दिखाई देती हैं। इसके बाद कुछ नर्सें कटोरियों में गोलगप्पे परोसती नजर आती हैं। वार्ड के अंदर मौजूद डॉक्टर और स्टाफ वहीं खड़े होकर पार्टी का आनंद लेते दिखाई देते हैं। वीडियो के अंतिम हिस्से में डॉ. अभिभूषण कुर्सी पर बैठकर खाना खाते हुए भी नजर आते हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासक डॉ. देवेंद्र ने बताया कि पूरे मामले की विभागीय जांच कराई जा रही है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि वार्ड के अंदर पार्टी किसकी अनुमति से आयोजित की गई, उस समय वार्ड में नवजात शिशु भर्ती थे या नहीं तथा संक्रमण नियंत्रण और अस्पताल के प्रोटोकॉल का उल्लंघन हुआ है या नहीं। यदि जांच में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित डॉक्टरों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि SNCU वह विशेष यूनिट होती है, जहां समय से पहले जन्मे, गंभीर रूप से बीमार और संक्रमण के प्रति अत्यधिक संवेदनशील नवजात शिशुओं का इलाज किया जाता है। इस वार्ड में स्वच्छता और संक्रमण नियंत्रण को लेकर सख्त नियम लागू होते हैं। सामान्य परिस्थितियों में वार्ड के भीतर बाहरी खाद्य सामग्री ले जाने और अनावश्यक लोगों के प्रवेश की अनुमति नहीं होती।
pooja