बहादुरगढ़ में मेडिकल स्टोर संचालक पर 7 बदमाशों का हमला,पिस्टल तानी, फिर लाठी-डंडों और रॉड से पीटा

बहादुरगढ़ में मेडिकल स्टोर संचालक पर 7 बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। पूरी वारदात CCTV में कैद हो गई।

बहादुरगढ़ में मेडिकल स्टोर संचालक पर 7 बदमाशों का हमला,पिस्टल तानी, फिर लाठी-डंडों और रॉड से पीटा

बहादुरगढ़ में मेडिकल स्टोर संचालक पर 7 बदमाशों का हमला

‘यही है वो’ कहकर पिस्टल तानी, फिर लाठी-डंडों और रॉड से पीटा

पूरी वारदात CCTV में कैद, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी

बहादुरगढ़ में मेडिकल स्टोर में घुसे हमलावरों का सीसीटीवी फुटेज। स्टोर संचालक पर लाठी-डंडों से हमला किया। - Dainik Bhaskar

हरियाणा के झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में शनिवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने मेडिकल स्टोर संचालक पर जानलेवा हमला कर दिया। काले रंग की स्कॉर्पियो और सफेद नेक्सन कार में सवार होकर आए 7 से 8 युवकों ने पहले मेडिकल स्टोर संचालक की पहचान की और फिर उस पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला बोल दिया।

घटना लाइनपार इलाके के विकास नगर की बताई जा रही है। पूरी वारदात वहां लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत और गुस्सा दोनों बढ़ गए हैं।

पीड़ित स्टोर संचालक की कमर पर चोट के निशान।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 9:17 बजे दो गाड़ियों में सवार होकर बदमाश मेडिकल स्टोर के बाहर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदमाशों ने स्टोर संचालक दीपक को देखते ही कहा — “यही है वो”। इसके बाद एक युवक ने पिस्टल तान दी और बाकी आरोपियों ने हमला शुरू कर दिया।

हमलावरों के हाथों में लोहे की रॉड, डंडे और हथियार थे। उन्होंने दीपक को घेरकर बेरहमी से पीटा। हमले में दीपक के सिर, हाथ और कमर पर गंभीर चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाश लगातार सिर और चेहरे पर वार कर रहे थे।

हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल दीपक को तुरंत बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग डर के कारण बीच-बचाव नहीं कर सके। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पीड़ित दीपक विकास नगर बहादुरगढ़ का रहने वाला है। जानकारी देते हुए।

पीड़ित दीपक ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपियों की नेक्सन गाड़ी का नंबर नोट कर लिया। इसके बाद थाना लाइनपार पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों ने CCTV फुटेज अपने कब्जे में ले ली है। फुटेज में आरोपी हथियारों के साथ साफ दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब गाड़ी नंबर और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।

डीएसपी मयंक मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करेगी और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि शहर में बढ़ती गुंडागर्दी से आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। व्यापारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।