हिसार पुलिस कस्टडी में युवक की मौ*त, लॉकअप में मिला श*व

हिसार के अर्बन एस्टेट थाना लॉकअप में पत्नी से मारपीट के आरोप में गिरफ्तार युवक मृत मिला। फोरेंसिक जांच जारी है और CJM की मौजूदगी में आगे की कार्रवाई होगी।

हिसार पुलिस कस्टडी में युवक की मौ*त, लॉकअप में मिला श*व

हिसार के अर्बन एस्टेट थाने के लॉकअप में युवक मृत मिला

पत्नी से मारपीट के मामले में एक दिन पहले पुलिस ने किया था गिरफ्तार

फोरेंसिक जांच शुरू, CJM की मौजूदगी में होगी आगे की कार्रवाई


हिसार पुलिस कस्टडी में युवक की मौत, पत्नी से मारपीट के मामले में हुआ था गिरफ्तार; लॉकअप में मिला शव

हरियाणा के हिसार में पुलिस हिरासत के दौरान एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। अर्बन एस्टेट थाना के लॉकअप में बुधवार सुबह एक युवक मृत मिला। मृतक को एक दिन पहले पत्नी से मारपीट के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया था। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

मृतक की पहचान सुनील (30) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के सिरसा गांव का रहने वाला था। वह हिसार की मछली मार्केट में बाबा चिकन कॉर्नर नाम से दुकान चलाता था।

पुलिस के अनुसार, 26 जून को सुनील की पत्नी संध्या ने उसके खिलाफ मारपीट की शिकायत दी थी। इसी शिकायत के आधार पर मंगलवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। मेडिकल जांच कराने के बाद रात में उसे अर्बन एस्टेट थाना के लॉकअप में रखा गया।

बताया गया है कि लॉकअप में उस समय दो अन्य हवालाती भी मौजूद थे। उनके अनुसार, रात में सुनील बाथरूम जाने के लिए उठा था और वापस आकर सो गया। बुधवार सुबह जब उसे जगाने की कोशिश की गई तो वह नहीं उठा। इसके बाद पुलिस अधिकारियों को सूचना दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने लॉकअप के अंदर और बाहर से साक्ष्य एकत्र किए। करीब एक घंटे तक जांच के बाद फोरेंसिक टीम लौट गई। शव को फिलहाल लॉकअप में ही रखा गया है। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) को मौके पर बुलाया गया है। उनकी मौजूदगी में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा जाएगा।

मृतक की पत्नी संध्या का कहना है कि सुनील अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। उसने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले सुनील ने उसे छत से धक्का देकर मारने की भी कोशिश की थी। इस संबंध में वह पहले भी कई बार पुलिस से शिकायत कर चुकी थी, लेकिन हर बार उसे छोड़ दिया जाता था।

वहीं, पड़ोसी राजकुमार ने दावा किया कि सुनील शराब पीने का आदी था और घर से पैसे चुराता था। उसने बताया कि चार दिन पहले भी सुनील ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद उसे अस्पताल में इलाज कराना पड़ा था।

अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि हिरासत में बंद सुनील की मौत हो गई है। मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।