हिसार में हत्या के 15वें दिन जीवन कुंडू का अंतिम संस्कार, 11 साल के बेटे ने दी मुखाग्नि; शव देखते ही बेहोश हुई पत्नी

हिसार के किनाना गांव में हत्या के 15वें दिन जीवन कुंडू का अंतिम संस्कार हुआ। 11 वर्षीय बेटे रिशु ने मुखाग्नि दी। शव देखते ही पत्नी बेहोश हो गई, जबकि बहन भाई-भाई कहकर बिलखती रही। मुख्य आरोपी रमेश शर्मा अत्री फरार है और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है।

हिसार में हत्या के 15वें दिन जीवन कुंडू का अंतिम संस्कार, 11 साल के बेटे ने दी मुखाग्नि; शव देखते ही बेहोश हुई पत्नी

➤ 15वें दिन गांव पहुंचा जीवन कुंडू का शव, 11 वर्षीय बेटे रिशु ने दी मुखाग्नि

➤ पति का शव देखते ही पत्नी रमन बेहोश, बहन भाई-भाई कहकर बिलखती रही

➤ मुख्य आरोपी रमेश शर्मा अत्री फरार, पुलिस ने 50 हजार का इनाम और लुकआउट सर्कुलर जारी किया


हिसार। हिसार के किनाना गांव में जीवन कुंडू का हत्या के 15वें दिन अंतिम संस्कार किया गया। सुबह अग्रोहा मेडिकल कॉलेज से जीवन का शव गांव स्थित उसके घर लाया गया। शव देखते ही उसकी पत्नी रमन बेसुध होकर गिर पड़ी। पड़ोस की महिलाओं ने उसे संभाला। वहीं, अंतिम संस्कार के दौरान जीवन की बहन भाई को याद कर लगातार बिलखती रही। वह बार-बार ‘भाई आजा, ओ भाई’ कहकर रोती रही। जीवन के 11 वर्षीय बेटे रिशु ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में गांव के सैकड़ों लोग शामिल हुए। कई खाप प्रतिनिधियों और किसान नेताओं ने भी जीवन को श्रद्धांजलि दी।

जीवन कुंडू का शव देखकर पत्नी रमन बेहोश हो गई, अंतिम संस्कार की रस्में निभाते ग्रामीण।

जीवन कुंडू की 4 अगस्त को हत्या के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी और परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर जीवन कुंडू संघर्ष समिति का गठन किया गया था। समिति की ओर से परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने और मुख्य आरोपी रमेश शर्मा अत्री की गिरफ्तारी समेत कई मांगें उठाई जा रही थीं। सोमवार को सरकार ने इन मांगों को मान लिया था। इसके बाद 15 अगस्त को हुई हिंसा के मामले में गिरफ्तार सभी 10 किसान नेताओं को गुरुग्राम की भोंडसी जेल से रिहा कर दिया गया। इसके बाद परिवार अंतिम संस्कार के लिए राजी हुआ।

जीवन कुंडू का शव देखकर पत्नी रमन बेहोश हो गई, अंतिम संस्कार की रस्में निभाते ग्रामीण।

शव घर पहुंचते ही मचा कोहराम

जीवन का शव सुबह अग्रोहा मेडिकल कॉलेज से उसके घर लाया गया। घर के बाहर पहले से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिवार के लोग मौजूद थे। जैसे ही शव घर पहुंचा, माहौल गमगीन हो गया। पत्नी रमन ने जब पति का शव देखा तो वह बेहोश हो गई। आसपास मौजूद महिलाओं ने उसे संभाला।

जीवन की बहन भी भाई की मौत से टूट गई। अंतिम संस्कार के दौरान वह लगातार ‘भाई आजा, ओ भाई’ कहकर रोती रही। परिवार के इस दर्दनाक दृश्य ने वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया।

11 वर्षीय बेटे ने दी मुखाग्नि

जीवन कुंडू के अंतिम संस्कार की सबसे मार्मिक तस्वीर यह रही कि उसके 11 वर्षीय बेटे रिशु ने पिता को मुखाग्नि दी। परिवार और ग्रामीणों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार की रस्में पूरी की गईं। जीवन की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। गांव के अलावा खाप प्रतिनिधियों और किसान नेताओं ने भी पहुंचकर श्रद्धांजलि दी।

मुख्य आरोपी अभी भी फरार, 50 हजार का इनाम

जीवन कुंडू हत्याकांड में हिसार पुलिस अब तक भानु कुमार, गजेंद्र उर्फ गज्जू पंडित और साहिल समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। हालांकि मामले का मुख्य आरोपी रमेश शर्मा अत्री अभी फरार है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।

SP सिद्धांत जैन के अनुसार, मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 10 टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। आरोपी देश छोड़कर न भाग सके, इसके लिए उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया गया है। पीड़ित परिवार को सुरक्षा दी गई है। इसके साथ ही परिवार के पुनर्वास के लिए रोजगार का आवेदन भी कराया गया है।

क्या था पूरा विवाद?

पड़ोसियों ने बेहोश होने तक पीटा

सूर्यनगर इलाके में 4 अगस्त की सुबह करीब साढ़े 5 बजे डेयरी संचालक जीवन पर पड़ोस में रहने वाले रमेश और उसके साथियों ने हमला कर दिया था। जीवन बाइक पर ट्रॉली लगाकर गोबर डालने जा रहा था। इसी दौरान पड़ोस के करीब 10-12 युवकों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया।

आरोप है कि हमलावरों ने जीवन को तब तक पीटा, जब तक वह बेहोश नहीं हो गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल जीवन को परिजन पास के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मौत से पहले का वीडियो भी आया था सामने

जीवन का मौत से पहले का 1 मिनट 12 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया था। इसमें उसके दोनों पैरों पर गहरे चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। वीडियो में जीवन ने बताया था कि पड़ोसी रमेश और उसके साथ 15-20 युवक थे। उसने मोल्हड़ नाम के एक युवक का भी जिक्र किया था।

जीवन ने वीडियो में कहा था कि आरोपियों ने उसे पूरी तरह पीट दिया और उसकी टांग तोड़ दी।

गोबर डालने को लेकर शुरू हुआ था विवाद

सूर्यनगर की गली नंबर-5 में जीवन की डेयरी थी। करीब डेढ़ महीने पहले उसका पड़ोसी रमेश से गोबर डालने को लेकर विवाद हुआ था। जीवन रोजाना गोबर लेकर रेलवे लाइन के पास डालने जाता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था।

इसके कुछ दिन बाद जीवन अपनी डेयरी में खोर यानी हौद बनवा रहा था। इस दौरान भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी और रमेश पक्ष के लोगों ने जीवन की पत्नी रमन पर बरछी से हमला कर दिया था। इस मामले में पुलिस ने रमेश के खिलाफ केस दर्ज किया था।

अब जीवन की हत्या के बाद परिवार और ग्रामीणों की निगाहें मुख्य आरोपी रमेश शर्मा अत्री की गिरफ्तारी पर टिकी हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश में 10 टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।