हरियाणा में फिर एक्टिव होगा मानसून,सिरसा 77% और हिसार 55% कम बारिश,किसानों की बढ़ी चिंता
हरियाणा में मानसून फिलहाल कमजोर पड़ गया है। सिरसा और हिसार समेत कई जिलों में सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज हुई है। मौसम विभाग ने एक सप्ताह बाद मानसून सक्रिय होने की संभावना जताई है।
- हरियाणा में एक सप्ताह बाद फिर मानसून के सक्रिय होने की संभावना
- सिरसा में 77% और हिसार में 55% कम बारिश से किसानों की चिंता बढ़ी
- आंधी-बारिश से कई जिलों में नुकसान, हादसों में दो लोगों की मौत और एक महिला घायल
हरियाणा में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में तेज बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि करीब एक सप्ताह बाद मानसूनी सिस्टम दोबारा सक्रिय हो सकता है, जिससे बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं।
सोमवार को हिसार, सिरसा, सोनीपत और फतेहाबाद समेत कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन कई स्थानों पर तेज आंधी के कारण नुकसान भी हुआ। हिसार और फतेहाबाद में अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
भारी बारिश का फिलहाल कोई अलर्ट नहीं
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र और करनाल समेत उत्तरी हरियाणा के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। फिलहाल किसी भी जिले के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले दो से तीन दिन तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।
आंधी-बारिश ने बढ़ाई परेशानी
सोमवार को चली तेज आंधी और बारिश ने कई जिलों में नुकसान पहुंचाया। हिसार के बहबलपुर गांव में तेज हवा के दौरान एक लोहे का होर्डिंग महिला पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
वहीं फतेहाबाद के हंस मार्केट में बारिश के दौरान एक जूते की दुकान का छज्जा भरभराकर गिर गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय वहां कोई मौजूद नहीं था।
इसके अलावा भिरडाना गांव के पास तेज आंधी में एक बोलेरो वाहन पर पेड़ गिर गया, लेकिन चालक सुरक्षित बच गया। रतिया क्षेत्र में ट्रैक्टर पर पेड़ गिरने से एक युवक की मौत हो गई।
सामान्य से 35 प्रतिशत कम बारिश
इस मानसून सीजन में हरियाणा में अब तक सामान्य से करीब 35 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। जुलाई के इस चरण तक प्रदेश में औसतन करीब 65 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन इस बार केवल 42 मिमी के आसपास बारिश रिकॉर्ड की गई है।
उत्तर हरियाणा में मेहरबान रहा मानसून
प्रदेश के उत्तरी जिलों में बारिश का प्रदर्शन बेहतर रहा है। यमुनानगर में सामान्य 95 मिमी के मुकाबले 110 मिमी बारिश दर्ज हुई है, जो औसत से करीब 15 प्रतिशत अधिक है। अंबाला में 105 मिमी और पंचकूला में 98 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो सामान्य आंकड़ों से ज्यादा है।
पश्चिम और दक्षिण हरियाणा में सूखे जैसे हालात
दूसरी ओर सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और महेंद्रगढ़ में बारिश की भारी कमी दर्ज की गई है। सिरसा में सामान्य 35 मिमी के मुकाबले केवल 8 मिमी बारिश हुई है, जो 77 प्रतिशत की कमी दर्शाती है। फतेहाबाद में 60 प्रतिशत और हिसार में 55 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। कम वर्षा के कारण किसानों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है और फसलों पर भी इसका असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
pooja