खेत की रखवाली करते किसान पर कुत्तों ने किया हमला, मौके पर मौ*त
हरियाणा के जींद जिले के खांडा गांव में खेत की रखवाली कर रहे किसान सतपाल पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। किसान की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा।
➤ जींद जिले के खांडा गांव में खेत की रखवाली कर रहे किसान पर कुत्तों ने हमला किया
➤ 52 वर्षीय सतपाल की मौके पर ही मौत, ग्रामीणों ने कुत्तों को भगाया
➤ पुलिस ने कहा- परिजनों ने किसी पर आरोप नहीं लगाया, पोस्टमार्टम के बाद शव सौंपा गया
हरियाणा के जींद जिले के खांडा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। खेत में फसल की रखवाली कर रहे किसान पर कुत्तों ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 52 वर्षीय सतपाल के रूप में हुई है।
घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है। सतपाल रोजाना की तरह रात को खाना खाकर खेत में धान की फसल की रखवाली करने गए थे। गुरुवार सुबह जब आसपास के किसान खेतों में पहुंचे, तो उन्होंने सतपाल का शव पड़ा देखा, जिसे कई कुत्ते नोंच रहे थे। ग्रामीणों ने तुरंत कुत्तों को भगाया और परिजनों को सूचना दी।
मृतक के बेटे रॉबिन ने बताया कि उनके पास करीब दो एकड़ जमीन में धान की फसल तैयार थी। पिता खेत में अकेले ही थे। सुबह ग्रामीणों ने उन्हें खेत में पड़ा देखा, उनके शरीर पर कई गहरे घाव थे। कुत्तों ने उनके शरीर को बुरी तरह नोच दिया था। लोगों ने किसी तरह कुत्तों को भगाया और सतपाल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही अलेवा थाना प्रभारी आत्माराम मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि सतपाल की मौत कुत्तों के हमले के कारण हुई। शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के बोर्ड से करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि इलाके में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। कई बार प्रशासन से शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों ने मांग की है कि प्रशासन अब इस दिशा में तुरंत कार्रवाई करे ताकि भविष्य में ऐसी घटना न दोहराई जाए।
Author1