हरियाणा में गंभीर मरीजों को जल्द मिलेगी एयरलिफ्ट की सुविधा, हेली एंबुलेंस नेटवर्क का होगा विस्‍तार

हरियाणा सरकार ने फरीदाबाद, करनाल, सोनीपत, गुरुग्राम और रोहतक के मेडिकल कॉलेजों के हेलीपैड अपग्रेड करने का फैसला लिया है। इससे हेली एंबुलेंस सेवाएं मजबूत होंगी और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं तेजी से उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

हरियाणा में  गंभीर मरीजों को जल्द मिलेगी एयरलिफ्ट की सुविधा, हेली एंबुलेंस नेटवर्क का होगा विस्‍तार

5 मेडिकल कॉलेजों के हेलीपैड होंगे आधुनिक सुविधाओं से लैस
हेली एंबुलेंस, पर्यटन और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को मिलेगा विस्तार
विपुल गोयल ने परियोजनाएं तय समय में पूरी करने के दिए निर्देश


हरियाणा सरकार ने प्रदेश में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को नई रफ्तार देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब फरीदाबाद, करनाल, सोनीपत, गुरुग्राम और रोहतक के मेडिकल कॉलेजों के हेलीपैड आधुनिक सुविधाओं से लैस किए जाएंगे, ताकि गंभीर मरीजों को हेलीकॉप्टर के जरिए तेजी से इलाज मिल सके।

हरियाणा सरकार ने प्रदेश में हेली एंबुलेंस सेवाओं के विस्तार और नागरिक उड्डयन अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। इसके तहत फरीदाबाद, करनाल, सोनीपत, गुरुग्राम और रोहतक स्थित मेडिकल कॉलेजों के पास बने हेलीपैडों का अपग्रेडेशन किया जाएगा। उद्देश्य यह है कि गंभीर मरीजों को आपात स्थिति में हेलीकॉप्टर के माध्यम से जल्द से जल्द बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

यह निर्णय हरियाणा एयरपोर्ट्स डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HADCL) की बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की आठवीं बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा के नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल ने की। बैठक में एयर एंबुलेंस सेवाओं के विस्तार, नागरिक उड्डयन ढांचे को मजबूत करने, वित्तीय प्रबंधन और प्रशासनिक प्रक्रियाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

मरीजों को मिलेगा तेजी से इलाज

बैठक में स्वास्थ्य विभाग और विभिन्न अस्पतालों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। सरकार का लक्ष्य है कि दुर्घटना, गंभीर बीमारी या अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को हेलीकॉप्टर के जरिए कम समय में बड़े अस्पतालों तक पहुंचाया जा सके। इसके लिए मेडिकल कॉलेजों के हेलीपैडों को आधुनिक उपकरणों और सुविधाओं से लैस किया जाएगा।

पर्यटन और निवेश को भी मिलेगा फायदा

बैठक के दौरान विपुल गोयल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में चल रही सभी नागरिक उड्डयन परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि मजबूत एविएशन इंफ्रास्ट्रक्चर से न केवल स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होंगी, बल्कि पर्यटन, उद्योग, व्यापार, निवेश और रोजगार को भी नई गति मिलेगी।

हरियाणा को बनाना है एविएशन हब

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आधुनिक, सुरक्षित और विश्वस्तरीय एयरपोर्ट सुविधाओं के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य हरियाणा में हवाई संपर्क को मजबूत बनाकर प्रदेश को नागरिक उड्डयन क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करना है।