हिमाचल: किन्नौर में दर्दनाक सड़क हा*दसा,ट्रक-कार टक्कर में शिमला के युवक की मौ*त
किन्नौर के करछम डैम के पास ट्रक और कार की टक्कर में शिमला के युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
किन्नौर में करछम डैम के पास ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर
■ शिमला के युवक की मौके पर मौत, तीन लोग गंभीर रूप से घायल
■ पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में शिमला के एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना नेशनल हाईवे-5 पर करछम डैम के समीप हुई, जहां एक ऑल्टो कार और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
पुलिस के अनुसार, हादसे के समय कार में चार लोग सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार नीजू राम (34) पुत्र केन राम, निवासी गांव गौरा, तहसील रामपुर, जिला शिमला की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में अशोक कुमार (45) निवासी गांव कोठी, जिला किन्नौर, यशपाल नेगी (50) निवासी ब्रेलिंगी, तहसील कल्पा और साहिल निवासी सराहन, तहसील रामपुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से बचाई गई घायलों की जान
घटना की सूचना मिलते ही टापरी पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को एंबुलेंस के जरिए संजीवनी अस्पताल शोल्टू पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
आज होगा पोस्टमार्टम
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बुधवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर यह जानने का प्रयास कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य वजह से हुआ।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
pooja