दिल्ली जाने से पहले जान लें बदले रूट, राजधानी मे में बाहरी वाहनों की एंट्री पर सख्ती, सोनीपत पुलिस ने 12 जगह लगाए नाके
दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण के लिए बाहरी वाहनों पर प्रतिबंध लागू होने के बाद सोनीपत पुलिस ने 12 स्थानों पर नाके लगाकर वाहनों की जांच शुरू की।
➤ 1 नवंबर से दिल्ली में बाहरी वाहनों के प्रवेश पर लागू प्रतिबंधों को लेकर सोनीपत पुलिस अलर्ट
➤ 12 प्रमुख स्थानों पर विशेष नाकाबंदी, प्रतिबंधित पेट्रोल और डीजल वाहनों को वापस भेजा जा रहा
➤ इलेक्ट्रिक, सीएनजी और बीएस-6 डीजल वाहनों को नियमानुसार प्रवेश की अनुमति
सोनीपत। दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए 1 नवंबर से बाहरी राज्यों के वाहनों पर लागू किए गए प्रतिबंधों का असर अब दिल्ली से सटे हरियाणा के सीमावर्ती इलाकों में दिखाई देने लगा है। दिल्ली में प्रतिबंधित श्रेणी के वाहनों का प्रवेश रोकने के लिए सोनीपत पुलिस ने कमान संभाल ली है। जिले से दिल्ली जाने वाले प्रमुख रास्तों और सीमावर्ती इलाकों में पुलिस की विशेष टीमें तैनात की गई हैं। यहां से गुजरने वाले वाहनों की जांच की जा रही है और नियमों के दायरे में नहीं आने वाले वाहनों को दिल्ली की ओर जाने से रोककर वापस लौटाया जा रहा है।
पुलिस का मुख्य ध्यान प्रतिबंधित श्रेणी के पेट्रोल और डीजल वाहनों को दिल्ली में प्रवेश करने से रोकने पर है। इसके लिए विभिन्न बॉर्डर और प्रमुख मार्गों पर नाकाबंदी की गई है। पुलिसकर्मी वाहन चालकों को रोककर उनके वाहनों की श्रेणी और निर्धारित नियमों के अनुसार जांच कर रहे हैं।
इलेक्ट्रिक, सीएनजी और बीएस-6 वाहनों को राहत
सोनीपत पुलिस की ओर से दूसरे राज्यों से आने वाले निजी वाहनों के साथ अंतरराज्यीय बसों की भी जांच की जा रही है। निर्धारित छूट के दायरे में आने वाले इलेक्ट्रिक, सीएनजी और बीएस-6 डीजल वाहनों को नियमानुसार दिल्ली में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है।
वहीं, प्रतिबंधित श्रेणी में आने वाले वाहनों को बॉर्डर से ही वापस भेजा जा रहा है। पुलिसकर्मी वाहन चालकों को ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तहत लागू प्रतिबंधों की जानकारी भी दे रहे हैं। इसके अलावा यातायात मार्गों में किए गए बदलाव के बारे में भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि वाहन चालकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्याऊ मनियारी फ्लाईओवर पर भी बदली यातायात व्यवस्था
दिल्ली में वाहनों की जांच के साथ-साथ सोनीपत पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी इंतजाम किए हैं। प्याऊ मनियारी स्थित ड्रेन नंबर-8 फ्लाईओवर पर मरम्मत कार्य चलने के कारण यातायात में बदलाव किया गया है।
दिल्ली से पानीपत की ओर जाने वाली सड़क पर मरम्मत कार्य जारी है। ऐसे में सोनीपत यातायात पुलिस वाहनों को निर्धारित सर्विस रोड से निकाल रही है। इसका उद्देश्य निर्माण कार्य के दौरान यातायात को व्यवस्थित रखना और सड़क पर जाम की स्थिति से बचाव करना है।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर तैनात टीमें
पुलिस आयुक्त ममता सिंह के दिशा-निर्देशों के अनुसार यातायात पुलिस की टीमें विभिन्न स्थानों पर तैनात की गई हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात मार्गों का पालन करें और बॉर्डर पर जांच के दौरान पुलिस का सहयोग करें।
पुलिस की इस व्यवस्था का उद्देश्य दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े प्रतिबंधों को लागू करवाने के साथ-साथ सोनीपत की सड़कों पर यातायात व्यवस्था बनाए रखना भी है।
सोनीपत में इन 12 स्थानों पर लगाए गए विशेष नाके
दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों की जांच के लिए सोनीपत पुलिस ने जिले में 12 स्थानों पर विशेष नाकाबंदी की है।
-
सिंधु-कुंडली बॉर्डर फ्लाईओवर (एनएच-44)।
-
सफियाबाद बॉर्डर नाका।
-
लामपुर बॉर्डर।
-
शिवपुरी नाका।
-
फिरोजपुर बांगर-औचंदी बॉर्डर (खरखौदा)।
-
एनएच-344P टोल प्लाजा झिंझौली।
-
सबोली बॉर्डर।
-
गांव सिंधु रोड।
-
केएमपी-केजीपी जीरो पॉइंट।
-
गांव झिंझौली रोड।
-
गांव जाटी कलां-बख्तावरपुर नाका।
-
नाहरी डबल नहर पुल।
इन सभी स्थानों पर पुलिस की निगरानी में वाहनों की जांच की जा रही है। ऐसे में दिल्ली जाने वाले वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले अपने वाहन की श्रेणी और लागू प्रतिबंधों की जानकारी जरूर रखें।
Akhil Mahajan