हिमाचल में भारी बारिश का कहर,6 जिलों में फ्लैश फ्लड अलर्ट,कई स्कूल बंद

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के बीच 6 जिलों में फ्लैश फ्लड और जलभराव का अलर्ट जारी किया गया है। कुल्लू के आनी, बंजार और निरमंड में स्कूल बंद किए गए हैं।

हिमाचल में भारी बारिश का कहर,6 जिलों में फ्लैश फ्लड अलर्ट,कई स्कूल बंद

हिमाचल के कई जिलों में रातभर भारी बारिश, शिमला में मकान की छत पर गिरा पेड़

■ 6 जिलों में फ्लैश फ्लड और जलभराव की चेतावनी जारी

■ आनी, बंजार और निरमंड के सभी शिक्षण संस्थानों में आज छुट्टी


हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में मंगलवार देर रात से लगातार भारी बारिश का दौर जारी है। राजधानी शिमला समेत कई क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई है। शिमला के ओल्ड बैरियर क्षेत्र में बारिश के कारण एक बड़ा पेड़ टूटकर मकान की छत पर गिर गया। हालांकि, इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

मौसम विभाग के अनुसार, शिमला में 66.5 मिमी और कुफरी में 74.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ है।

6 जिलों में फ्लैश फ्लड का अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों के दौरान चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सिरमौर और कुल्लू जिलों में फ्लैश फ्लड और जलभराव की चेतावनी जारी की है। लोगों को नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

शिमला के सर्कुलर रोड स्थित लिफ्ट क्षेत्र में पहाड़ियों से पत्थर गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है।

कुल्लू के तीन सब-डिवीजन में स्कूल बंद

लगातार बारिश और खराब मौसम को देखते हुए डीसी कुल्लू ने एहतियातन आनी, बंजार और निरमंड सब-डिवीजन के सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में आज अवकाश घोषित कर दिया है।

प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

कांगड़ा और मंडी में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने कांगड़ा और मंडी जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं चंबा, कुल्लू, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बुधवार के बाद वेस्टर्न डिस्टरबेंस कमजोर पड़ने लगेगा, जिससे 27 जुलाई तक केवल कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

मानसून सीजन में अब तक सामान्य से कम बारिश

हालांकि, पूरे मानसून सीजन की बात करें तो प्रदेश में अब तक सामान्य से 14 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।

एक जून से 21 जुलाई तक सामान्य रूप से प्रदेश में 266.4 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस बार केवल 230.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

जिला स्तर पर हमीरपुर में 42 प्रतिशत, मंडी में 30 प्रतिशत, बिलासपुर में 27 प्रतिशत और लाहौल-स्पीति में 42 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।

बारिश से तापमान में भारी गिरावट

लगातार बारिश के कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट आई है।

चंबा का अधिकतम तापमान सामान्य से 11.1 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। वहीं कांगड़ा में तापमान 7.1 डिग्री और भुंतर में 5.7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।