हरियाणा के 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट,27 जुलाई से फिर एक्टिव होगा मानसून

हरियाणा के 7 जिलों में बारिश हुई है, जबकि 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 27 जुलाई से मानसून के दोबारा सक्रिय होने की संभावना जताई है।

हरियाणा के 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट,27 जुलाई से फिर एक्टिव होगा मानसून

हरियाणा के 7 जिलों में सुबह से बारिश, 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

■ बारिश के कारण प्रदेश के औसत तापमान में 2.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट

■ 27 जुलाई से एक बार फिर पूरे हरियाणा में मानसून के सक्रिय होने की संभावना


हरियाणा में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। बुधवार सुबह जींद, हिसार, फरीदाबाद, पानीपत, गुरुग्राम, पलवल और महेंद्रगढ़ में बारिश दर्ज की गई। वहीं कैथल, भिवानी, करनाल और सोनीपत समेत कई जिलों में बादल छाए रहे और बारिश की संभावना बनी हुई है।

मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने प्रदेश के 13 जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम और फरीदाबाद के अलग-अलग क्षेत्रों में तेज बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग का कहना है कि आज और गुरुवार को प्रदेश में अच्छी बारिश होने के आसार हैं। इसके बाद कुछ दिनों के लिए मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ सकती हैं। हालांकि 27 जुलाई से मानसून दोबारा सक्रिय होगा और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में फिर से बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।

बारिश का असर तापमान पर भी दिखाई दिया है। प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में करीब 2.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है।

7 राज्यों से गुजर रही मानसून ट्रफ

मौसम विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ फिलहाल अपनी सामान्य स्थिति के आसपास बनी हुई है। यह गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है।

इसके साथ ही हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन ने मौसम प्रणाली को और मजबूत किया है। इसी कारण प्रदेश के कई हिस्सों में घने बारिश वाले बादल बन रहे हैं और भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।

यमुनानगर रहा सबसे गर्म

बारिश के बावजूद प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान यमुनानगर में 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा हिसार में 31.3 डिग्री, रोहतक में 31.6 डिग्री, अंबाला में 32.5 डिग्री और गुरुग्राम में 30.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

भिवानी रहा सबसे ठंडा

रात के तापमान में भी कमी दर्ज की गई। प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान भिवानी में 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद महेंद्रगढ़ में 23.5 डिग्री, चंडीगढ़ में 24.7 डिग्री, हिसार और गुरुग्राम में 25 डिग्री तथा सिरसा में 27.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।