इंस्टाग्राम अफेयर के लिए पति की ह*त्या, पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार
कुरुक्षेत्र में इंस्टाग्राम पर शुरू हुए प्रेम संबंध के चलते पत्नी और उसके प्रेमी ने कथित तौर पर पति की हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इंस्टाग्राम पर शुरू हुआ प्रेम संबंध बना हत्या की वजह
■ पत्नी ने प्रेमी को बताई पति के शक और झगड़ों की बात
■ शराब पिलाकर गला घोंटा, CCTV से खुला पूरा राज
हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में हुए राजकुमार उर्फ राजू (42) हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, यह हत्या इंस्टाग्राम पर शुरू हुए प्रेम संबंध के कारण हुई। मामले में मृतक की पत्नी सुषमा और उसके प्रेमी मोहित को गिरफ्तार कर लिया गया है।
20 साल पुरानी शादी, दो बच्चों का परिवार
राजू की करीब 20 साल पहले करनाल जिले के तखाना गांव निवासी सुषमा से शादी हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं, जिनमें 19 वर्षीय बेटा और 14 वर्षीय बेटी शामिल हैं। परिवार सामान्य जीवन जी रहा था, लेकिन करीब दो साल पहले सोशल मीडिया के जरिए सुषमा की जिंदगी में मोहित की एंट्री हुई।
दुबई में रहते हुए इंस्टाग्राम पर हुई पहचान
पुलिस जांच में सामने आया कि मोहित दुबई में काम करता था। इसी दौरान उसकी पहचान इंस्टाग्राम के जरिए सुषमा से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और फिर यह रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया।
करीब चार महीने पहले मोहित भारत लौट आया, जिसके बाद दोनों की मुलाकातें बढ़ने लगीं।
पति को हुआ शक, घर में बढ़ने लगे विवाद
राजू को पत्नी के मोबाइल पर किसी दूसरे व्यक्ति से लगातार बातचीत का शक हो गया था। इसको लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होने लगे। परिजनों का आरोप है कि सुषमा कई बार तलाक देने की धमकी भी देती थी।
पहले दोस्ती, फिर हत्या की साजिश
परिवार के अनुसार, मोहित ने पहले पूरे परिवार का भरोसा जीता। उसने खुद को रिश्तेदारों के गांव का निवासी बताकर परिवार से नजदीकियां बढ़ाईं। धीरे-धीरे वह राजू का भी दोस्त बन गया और अक्सर उसकी दुकान पर बैठने लगा।
बताया जा रहा है कि वह कई बार राजू को शराब पिलाकर घर छोड़ने के बहाने सुषमा से मिलने भी पहुंचता था।
खेतों में ले जाकर की हत्या
थानेसर सदर थाना के SHO रणधीर सिंह के अनुसार, 18 जुलाई की रात मोहित राजू को बाइक पर बैठाकर खेतों में ले गया। वहां उसने पहले शराब पिलाई और जब राजू नशे में हो गया तो परने (गमछे) से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
इसके बाद शव को गांव के गुरुद्वारे के पास सड़क किनारे फेंक दिया गया।
CCTV फुटेज से खुला राज
पुलिस को जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों से महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद पूछताछ में पूरे हत्याकांड का खुलासा हो गया।
पत्नी सुषमा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी मोहित को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
pooja