हरियाणा कांग्रेस का राजभवन कूच नाकाम: 18 विधायक, प्रदेशाध्यक्ष और प्रभारी हिरासत में; राहुल गांधी के समर्थन में कर रहे थे प्रदर्शन

राहुल गांधी की हिरासत के विरोध में राजभवन कूच कर रहे हरियाणा कांग्रेस के 18 विधायक, प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और प्रदेश प्रभारी संजय दत्त को चंडीगढ़ पुलिस ने हिरासत में लिया। बाद में सभी को रिहा कर दिया गया।

हरियाणा कांग्रेस का राजभवन कूच नाकाम: 18 विधायक, प्रदेशाध्यक्ष और प्रभारी हिरासत में; राहुल गांधी के समर्थन में कर रहे थे प्रदर्शन

राजभवन मार्च से पहले ही 18 कांग्रेस विधायक समेत कई नेता हिरासत में लिए गए
राहुल गांधी को दिल्ली में हिरासत में लेने के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन
सेक्टर-17 थाने में बैठकर नेताओं ने की नारेबाजी, कुछ देर बाद पुलिस ने सभी को रिहा किया


चंडीगढ़/पंचकूला। राहुल गांधी को दिल्ली में हिरासत में लिए जाने के विरोध में मंगलवार को हरियाणा कांग्रेस का प्रस्तावित राजभवन कूच पुलिस ने बीच रास्ते में ही रोक दिया। चंडीगढ़ पुलिस ने कांग्रेस के 18 विधायकों, हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और प्रदेश प्रभारी संजय दत्त समेत कई नेताओं को हिरासत में लेकर सेक्टर-17 थाना पहुंचाया। बाद में सभी नेताओं को रिहा कर दिया गया।

कांग्रेस कार्यालय से राजभवन की ओर कूच करते कांग्रेसी।

कांग्रेस नेताओं ने चंडीगढ़ स्थित पार्टी कार्यालय से राजभवन तक मार्च निकालने की घोषणा की थी। पार्टी की योजना राजभवन पहुंचकर धरना देने और दिल्ली में राहुल गांधी के साथ हुई पुलिस कार्रवाई के खिलाफ विरोध दर्ज कराने की थी। हालांकि, पुलिस ने कांग्रेस कार्यालय से कुछ दूरी पर ही पूरे जत्थे को रोक लिया और सभी नेताओं को हिरासत में ले लिया।

राजभवन कूच के लिए जाते कांग्रेस नेता सड़क पर बैठकर ही प्रदर्शन करने लगे।

हिरासत में लिए जाने के बाद कांग्रेस विधायक, प्रदेशाध्यक्ष और अन्य नेता सेक्टर-17 थाना परिसर में ही जमीन पर बैठ गए। इस दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और पुलिस कार्रवाई का विरोध जताया। थाने के बाहर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी बनी रही।

थानेसर से कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने कहा कि पार्टी कार्यालय में बैठक के बाद सभी नेताओं का राजभवन तक शांतिपूर्ण मार्च निकालने और वहां धरना देने का कार्यक्रम था, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोककर हिरासत में ले लिया।

कांग्रेस का यह विरोध प्रदर्शन दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के पास राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के खिलाफ आयोजित किया गया था। राहुल गांधी NEET पेपर लीक मामले पर संसद में चर्चा और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था, जिसके बाद कांग्रेस ने देशभर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह को डिटेन कर बस में ले जाती चंडीगढ़ पुलिस।

हरियाणा में भी इसी क्रम में राजभवन कूच का कार्यक्रम रखा गया था। हालांकि, पुलिस ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए मार्च को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी। कुछ समय तक हिरासत में रखने के बाद कांग्रेस नेताओं को रिहा कर दिया गया।

राहुल गांधी की हिरासत के बाद कांग्रेस लगातार सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगा रही है। वहीं प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा कारणों से आवश्यक कदम उठाए गए।