करनाल में STF का बड़ा ऑपरेशन: दिलजीत दोसांझ के मैनेजर के घर फायरिंग करने वाले 5 शूटर दबोचे, विदेशी हथियार बरामद

करनाल STF ने 5 सक्रिय शूटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी दिलजीत दोसांझ के मैनेजर के घर और यमुनानगर फायरिंग कांड में शामिल थे।

करनाल में STF का बड़ा ऑपरेशन: दिलजीत दोसांझ के मैनेजर के घर फायरिंग करने वाले 5 शूटर दबोचे, विदेशी हथियार बरामद

STF ने करनाल से 5 सक्रिय शूटर गिरफ्तार किए, 5 विदेशी पिस्टल और 14 कारतूस बरामद
दिलजीत दोसांझ के मैनेजर के घर और यमुनानगर फायरिंग में भी शामिल होने का खुलासा
करनाल में बड़ी वारदात की फिराक में आए थे आरोपी, STF ने समय रहते साजिश नाकाम की


करनाल। हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 सक्रिय शूटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी काले रंग की थार में सवार होकर करनाल में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे, लेकिन गुप्त सूचना मिलने पर पृथ्वीराज चौहान चौक के पास STF ने उन्हें घेरकर दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 5 विदेशी ऑटोमैटिक पिस्टल, 14 जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की जा रही थार गाड़ी बरामद की गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए शूटर 11 मई को पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के मैनेजर गुरप्रताप सिंह कंग के निसिंग (करनाल) स्थित घर पर हुई फायरिंग में भी शामिल थे। इसके अलावा 12 जुलाई को यमुनानगर के सब्बरवाल टायर शोरूम पर फिरौती के लिए की गई फायरिंग में भी इन्हीं आरोपियों की भूमिका सामने आई है।

STF के मुताबिक, टीम पिछले कई महीनों से संगठित अपराध से जुड़े गिरोहों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसके लिए गुप्तचर तैनात किए गए थे और संदिग्धों के बारे में लगातार सूचनाएं जुटाई जा रही थीं। पुख्ता इनपुट मिलने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास उर्फ विक्की निवासी महेंद्रगढ़, अस्फाक निवासी नई दिल्ली, प्रिंस खरड़िया निवासी राजस्थान, संजय बंट्ठ निवासी राजस्थान और गुरलाल निवासी अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी एक संगठित गैंग के सक्रिय सदस्य हैं और कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे हैं।

पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी गैंग के लिए फायरिंग करना, अन्य शूटर उपलब्ध कराना, विदेशी हथियारों की व्यवस्था करना और टारगेट की रेकी करने जैसे काम करते थे। इनके नेटवर्क के जरिए हरियाणा सहित कई राज्यों में आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी करनाल में भी एक बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बनाकर पहुंचे थे। हालांकि, STF की सतर्कता और समय पर मिली सूचना के चलते उनकी योजना नाकाम हो गई। इस मामले में थाना सदर करनाल में केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब उनके अन्य साथियों, हथियार सप्लाई चेन और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।