हरियाणा में गलत ऑपरेशन विवाद खत्म,फीस रिफंड, मरीज का फ्री इलाज
रोहतक के निजी अस्पताल में गलत ऑपरेशन के आरोप के बाद मरीज के परिजनों और अस्पताल प्रशासन के बीच समझौता हो गया। अस्पताल फीस लौटाएगा और मरीज का मुफ्त इलाज करेगा।
प्राइवेट अस्पताल में गलत ऑपरेशन को लेकर हुआ था विवाद
■ बिजली कर्मचारियों ने अस्पताल के बाहर दिया था धरना
■ देर रात समझौते के बाद फीस रिफंड और फ्री इलाज पर सहमति
रोहतक। शहर के सनसिटी स्थित एक निजी अस्पताल में कथित गलत ऑपरेशन को लेकर शुरू हुआ विवाद सोमवार देर रात सुलझ गया। अस्पताल प्रशासन और मरीज के परिजनों के बीच कई दौर की बातचीत के बाद समझौता हो गया। इसके बाद बिजली कर्मचारियों द्वारा अस्पताल के बाहर चल रहा धरना समाप्त कर दिया गया।
मरीज संदीप, जो बिजली विभाग में कार्यरत हैं, 11 जुलाई को बिजली के पोल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे में उनके दाएं कूल्हे, तीन पसलियों और लीवर में चोट आई थी। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने दाएं कूल्हे का ऑपरेशन करने की बात कही थी, लेकिन ऑपरेशन के बाद पता चला कि बाएं कूल्हे का ऑपरेशन कर दिया गया, जबकि वहां कोई चोट नहीं थी। इसको लेकर परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया और बिजली विभाग के कर्मचारियों ने अस्पताल के बाहर धरना शुरू कर दिया।
अस्पताल पर लगाए गंभीर आरोप
मरीज की पत्नी हेमलता ने आरोप लगाया कि डॉक्टरों से पूछने पर उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। वहीं अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ के प्रदेश संगठन मंत्री रविंद्र हुड्डा ने कहा कि अस्पताल ने करीब 2.15 लाख रुपए का बिल बनाया और मरीज के परिवार पर डिस्चार्ज लेने का दबाव भी बनाया गया।
उन्होंने कहा कि अगर यूनियन के कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचते, तो अस्पताल प्रशासन मरीज को बाहर निकाल सकता था। यूनियन ने अपने साथी कर्मचारी के समर्थन में आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी थी।
देर रात बनी सहमति
पूरा दिन चले विवाद के बाद अस्पताल प्रशासन, बिजली विभाग के अधिकारियों और परिजनों के बीच तीन से चार दौर की बातचीत हुई। आखिरकार देर रात दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।
समझौते के तहत अस्पताल प्रशासन ने:
- इलाज में अब तक लिया गया खर्च वापस करने,
- मरीज का आगे का इलाज पूरी तरह मुफ्त करने,
- और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर सहमति जताई है।
इसके बाद बिजली कर्मचारियों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।
pooja