हांसी में कचरा उठाने पहुंची टीम का सफाई कर्मचारियों ने किया विरोध
हांसी में कचरा उठाने पहुंची प्रशासनिक टीम का सफाई कर्मचारियों ने विरोध किया। प्रदर्शन के दौरान जेसीबी की हवा निकाली गई और कई कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया।
हांसी में कचरा उठाने पहुंची टीम का सफाई कर्मचारियों ने किया विरोध
प्रदर्शन के दौरान जेसीबी मशीन के टायरों की निकाली हवा
पुलिस ने महिला कर्मचारियों समेत कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया
हरियाणा के हांसी में शनिवार को सफाई व्यवस्था को लेकर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। प्रशासन शहर से कूड़ा उठाने के लिए पुलिस बल और जेसीबी मशीनों के साथ कार्रवाई करने पहुंचा, जिसका सफाई कर्मचारियों ने जोरदार विरोध किया।
अनाज मंडी के सामने मुल्तान कॉलोनी चौक के पास जैसे ही प्रशासन ने कचरा उठाने के लिए जेसीबी मशीन चलानी शुरू की, इसकी सूचना सफाई कर्मचारियों को मिल गई। इसके बाद बड़ी संख्या में कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
विरोध बढ़ने पर पुलिस ने मोर्चा संभाला। इस दौरान सफाई कर्मचारी संघ के प्रधान बलजीत समेत कुछ महिला सफाई कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया। कर्मचारियों को हिरासत में लेने के बाद मौके पर माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
कार्रवाई के दौरान एडीसी लक्षित सरीन, डीएसपी विनोद शंकर, तहसीलदार अनिल कुमार, नायब तहसीलदार सुरेश कुमार और नगर परिषद के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में पुलिस बल के साथ शहर के अलग-अलग स्थानों पर जेसीबी मशीनें भेजी गईं।
नगर परिषद कार्यालय के पास भी हालात तनावपूर्ण बने रहे। प्रशासन जब वहां कचरा उठाने के लिए जेसीबी लेकर पहुंचा, तो आरोप है कि सफाई कर्मचारियों ने विरोध स्वरूप जेसीबी मशीन के टायरों की हवा निकाल दी, ताकि कार्रवाई रोकी जा सके।
स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। महिला कर्मचारियों की मौजूदगी के कारण बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों को भी लगाया गया। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए था ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।
इस दौरान वार्ड-11 के पार्षद प्रवीण वाल्मीकि और अन्य सफाई कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। हालांकि बाद में प्रशासन ने हिरासत में लिए गए सभी सफाई कर्मचारियों को छोड़ दिया।
pooja