अश्लील डांस परोसने वाले हांसी मेले की NOC रद्द:प्रशासन ने लिया एक्शन; बिना इजाजत विधायक और मंत्री के फोटो भी लगाए थे
हांसी में मेले की NOC अशोभनीय डांस और सुरक्षा नियमों की अनदेखी के चलते रद्द कर दी गई। बिना अनुमति नेताओं के फोटो लगाने का विवाद भी सामने आया।
➤ अश्लील डांस के आरोपों के बाद हांसी मेले की NOC रद्द
➤ बिना अनुमति नेताओं के फोटो लगाने पर भी उठा विवाद
➤ सुरक्षा मानकों की अनदेखी, 50 फुट ऊंचे झूलों पर प्रशासन सख्त
हरियाणा के हांसी में लगे एक कथित मनोरंजन मेले पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसकी अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद मेले का संचालन पूरी तरह बंद कर दिया गया।
प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, मेले में अशोभनीय डांस प्रस्तुतियों और सुरक्षा नियमों की अनदेखी को गंभीरता से लिया गया। शिकायतों के मुताबिक, स्टेज पर महिला कलाकारों द्वारा किए गए डांस से माहौल असहज हो गया था, खासकर क्योंकि वहां बड़ी संख्या में परिवार और बच्चे मौजूद थे।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो मेले की गतिविधियां पहले ही बंद मिल गईं। माना जा रहा है कि कार्रवाई की भनक लगते ही आयोजकों ने कार्यक्रम रोक दिया था।
इसके अलावा मेले के मुख्य द्वार पर PWD मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, विधायक विनोद भयाना और भाजपा प्रवक्ता नेहा धवन के फोटो बिना अनुमति लगाए जाने का मामला भी सामने आया। संबंधित नेताओं ने इस आयोजन से किसी भी तरह के संबंध से साफ इनकार किया है और बिना अनुमति फोटो लगाने को गलत बताया है।
मेले में लगाए गए करीब 50 फुट ऊंचे झूले भी विवाद का कारण बने। आरोप है कि ये झूले बिना जरूरी अनुमति और सुरक्षा मानकों के लगाए गए थे। स्थानीय लोगों ने इस पर चिंता जताई कि ऐसे झूलों से किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जन सुरक्षा और सामाजिक मर्यादा से समझौता किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
Akhil Mahajan