पेट्रोल पंप मैनेजर की बस ने कुचला , मौत

गुरुग्राम के सिधरावली स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर प्राइवेट बस की चपेट में आने से पंप मैनेजर की मौत हो गई। हादसा बस के टर्न लेने के दौरान हुआ।

पेट्रोल पंप मैनेजर की बस ने कुचला ,  मौत
  • गुरुग्राम में पेट्रोल पंप पर बस हादसे में मैनेजर की मौत
  • टर्न लेती प्राइवेट बस मैनेजर के ऊपर चढ़ी
  • परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था मृतक


गुरुग्राम के सिधरावली स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर शनिवार देर रात हुए हादसे में पंप मैनेजर की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब एक प्राइवेट बस पेट्रोल पंप परिसर में टर्न ले रही थी। इसी दौरान बस मैनेजर के ऊपर चढ़ गई।

हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए मैनेजर को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान रेवाड़ी जिले के काठुवास गांव निवासी 47 वर्षीय विनेश के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विनेश ड्यूटी पर मौजूद थे, तभी रात करीब 11 बजे एक प्राइवेट बस पेट्रोल पंप पर पहुंची। बस ड्राइवर ने अचानक बस मोड़ते हुए विनेश के ऊपर चढ़ा दी। बस उनकी जांघों के ऊपरी हिस्से से होते हुए निकल गई, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गए।

हादसे के बाद विनेश मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। पेट्रोल पंप कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर अंदरूनी चोटों के कारण उनकी जान नहीं बच सकी।

सूचना मिलने पर बिलासपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है, जबकि ड्राइवर मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार विनेश अपने परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। घटना के बाद से परिवार और गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।