HSVP का अतिक्रमण हटाओ अभियान 27 अप्रैल से
गुरुग्राम में HSVP ने 27 अप्रैल से 8 मई तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने का फैसला किया है। अवैध कब्जों और कमर्शियल गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
- गुरुग्राम में अवैध अतिक्रमण हटाने को HSVP का बड़ा अभियान
- 27 अप्रैल से 8 मई तक विभिन्न सेक्टरों में चलेगी कार्रवाई
- पुलिस, निगम और प्रशासन मिलकर करेंगे संयुक्त ऑपरेशन
गुरुग्राम — साइबर सिटी में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन सख्त हो गया है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) ने शहर के विभिन्न सेक्टरों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने के आदेश जारी किए हैं।
प्राधिकरण के एस्टेट ऑफिसर-II कार्यालय की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, यह अभियान 27 अप्रैल 2026 से 8 मई 2026 तक चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा। इस दौरान सेक्टर-27 समेत कई इलाकों में कार्रवाई की जाएगी।
अभियान को सुचारू रूप से चलाने के लिए प्रशासन ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट की नियुक्ति और पर्याप्त पुलिस बल की मांग की है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 70 पुरुष और 30 महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
अभियान के तहत सड़क किनारे (रोड बर्म) पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया जाएगा। साथ ही रेजिडेंशियल एरिया में चल रही कमर्शियल गतिविधियों पर भी सख्ती की जाएगी।
HSVP की स्टेट ऑफिसर अनुपमा चौधरी ने बताया कि इस अभियान में पुलिस, नगर निगम, फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीम संयुक्त रूप से काम करेंगी। जरूरत पड़ने पर एंबुलेंस और फायर टेंडर भी मौके पर मौजूद रहेंगे।
उन्होंने साफ किया कि अवैध कब्जा करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पहले हटाए गए अतिक्रमण को दोबारा खड़ा करने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई होगी।
प्रशासन का मानना है कि यह अभियान शहर को व्यवस्थित और साफ-सुथरा बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। अब देखना होगा कि यह कार्रवाई अतिक्रमण पर कितना असर डालती है।
pooja