हरियाणा में हिमांशु भाऊ गैंग के दो शार्पशूटर एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार
गुरुग्राम में हिमांशु भाऊ गैंग के दो शार्पशूटर पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए। दोनों तरफ से 15 राउंड तक फायरिंग हुई। आरोपियों को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गुरुग्राम में हिमांशु भाऊ गैंग के दो शार्पशूटर एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार
पुलिस और बदमाशों के बीच 10 से 15 राउंड तक हुई फायरिंग
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में लगी गोली
गुरुग्राम में शनिवार देर रात क्राइम ब्रांच सेक्टर-40 और कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग के दो शार्पशूटरों के बीच मुठभेड़ हो गई। दिल्ली-जयपुर हाईवे के पास हुई इस कार्रवाई में दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि पुलिस टीम के सदस्य सुरक्षित बच गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया है।
जानकारी के अनुसार, क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि हिमांशु भाऊ गैंग के दो शूटर बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक पर सवार होकर मानेसर क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। इनपुट मिलने के बाद पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
तलाशी के दौरान सहरावन गांव के पास पुलिस टीम का सामना संदिग्ध बाइक सवारों से हुआ। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की ओर से चलाई गई गोलियों में सीआईए-40 की सरकारी गाड़ी पर तीन गोलियां लगीं। हालांकि वाहन में मौजूद पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। दोनों पक्षों के बीच करीब 10 से 15 राउंड फायरिंग हुई। जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिससे वे मौके पर ही घायल होकर गिर पड़े। इसके बाद पुलिस ने दोनों को काबू कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान कर्ण उर्फ रोनी और प्रवेश के रूप में हुई है। दोनों दिल्ली के कंझावला गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से पिस्तौल और बाइक भी बरामद की है।
घायल आरोपियों को तुरंत इलाज के लिए सेक्टर-10 स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया। बाद में उन्हें जिला नागरिक अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया। फिलहाल दोनों का इलाज चल रहा है और पुलिस की निगरानी में रखा गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों के स्वस्थ होने के बाद उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वे किस बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
pooja