सोनीपत के शातिरों ने जज का करीबी बनकर की 1.63 करोड़ की ठगी, पीडित किसान को आया हार्टअटैक
सोनीपत में जज का करीबी बताकर गिरोह ने गुरुग्राम के किसान से पेट्रोल पंप दिलाने के नाम पर 1.63 करोड़ रुपए की ठगी कर ली। धोखे का एहसास होने पर किसान को हार्ट अटैक आया, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
✔️ जज का करीबी बताकर 1.63 करोड़ की ठगी
✔️ पेट्रोल पंप दिलाने का दिया झांसा
✔️ गुरुग्राम के किसान को हार्ट अटैक
सोनीपत में एक शातिर गिरोह ने गुरुग्राम के एक किसान को पेट्रोल पंप अलॉट कराने का झांसा देकर 1 करोड़ 63 लाख 50 हजार रुपए की ठगी कर डाली। इतना बड़ा नुकसान होने के बाद किसान को गहरा मानसिक तनाव हुआ और उन्हें हार्ट अटैक तक आ गया, जिसके बाद उनका गुरुग्राम के अस्पताल में बाईपास सर्जरी कराई गई। फिलहाल मामला बहालगढ़ थाना पुलिस में दर्ज है और पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
कैसे हुआ खेल?
गुरुग्राम के लक्ष्मण विहार निवासी अमित कुमार के पास धनवापुर और खरखौदा में जमीनें हैं। इसी दौरान उनकी मुलाकात एक वकील से हुई, जिसने उन्हें सुशील कुमार नामक व्यक्ति से मिलवाया। सुशील ने खुद को जज का करीबी बताया और पेट्रोल पंप का लाइसेंस दिलाने का झांसा दिया।
इसके बाद अमित को चंडीगढ़ ले जाया गया, जहां उनकी मुलाकात सोमबीर नामक युवक से कराई गई। उसने खुद को जज का सुरक्षा गार्ड बताया। यही नहीं, मोबाइल पर एक ऑडियो कॉल कराई गई, जिसमें सामने वाले ने खुद को जज बताते हुए भरोसा दिलाया कि पेट्रोल पंप अलॉट कर दिया जाएगा और आगे संपर्क सुशील के माध्यम से ही रखा जाए।
ठगी के नए नए बहाने
आरोप है कि सुशील ने अलग-अलग तरीकों से अमित से पैसे ऐंठे।
-
पेट्रोल पंप के नाम पर 87 लाख रुपए
-
जमीन के नाम पर 36 लाख रुपए
-
इसके अलावा आधार कार्ड, पैन कार्ड, फोटो और चेक जैसे दस्तावेज भी आरोपी ले गए।
सुशील ने बहालगढ़ के नांगल खुर्द हाईवे के पास एक विवादित जमीन भी अमित को दिखाई। वहीं जयकुमार नामक व्यक्ति भी मौजूद रहा। अलग-अलग खातों में ट्रांसफर और कैश के जरिए कुल 1.63 करोड़ रुपए हड़प लिए गए।
मानसिक तनाव और हार्ट अटैक
जब अमित को बार-बार आश्वासन देकर भी कोई काम नहीं हुआ और सुशील ने सम्पर्क तोड़ लिया, तब जाकर ठगी का खुलासा हुआ। इस सदमे और तनाव के कारण अमित को हार्ट अटैक आ गया। इलाज के दौरान उनका बाईपास ऑपरेशन करना पड़ा।
पुलिस की कार्रवाई
अमित की शिकायत पर पुलिस ने सुशील, वंदना, कृष्णकांत, प्रेमचंद, जयकुमार, मंजीत और सोमबीर के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Akhil Mahajan