फरीदाबाद में Meta अधिकारी के पिता को कार ने कु*चला, CCTV में कैद हुआ पूरा हादसा

फरीदाबाद में Meta अधिकारी अमित झावर के पिता लक्ष्मी नारायण को कार ने कुचल दिया। CCTV सामने आया, आरोपी बृजेश गिरफ्तार हुआ और कोर्ट से जमानत मिली।

फरीदाबाद में Meta अधिकारी के पिता को कार ने कु*चला, CCTV में कैद हुआ पूरा हादसा

फरीदाबाद में Meta अधिकारी के पिता लक्ष्मी नारायण को कार ने कुचला, CCTV फुटेज सामने आया
टक्कर के बाद करीब 15 फीट उछलकर गिरे, आरोपी बृजेश गिरफ्तार होकर कोर्ट से जमानत पर बाहर
परिवार ने पुलिस जांच पर उठाए सवाल, CCTV और स्मार्ट कैमरों से पूरी जानकारी जुटाने की मांग

फरीदाबाद में सीसीटीवी फुटेज में मेटा अधिकारी के पिता लक्ष्मी नारायण को कुचलते हुए कार। इनसेट में मृतक लक्ष्मी नारायण (दाएं) और आरोपी ब्रिजेश (बाएं) की फोटो। - Dainik Bhaskar

फरीदाबाद में Meta के प्रोडक्ट मैनेजर अमित झावर के पिता लक्ष्मी नारायण झावर की मौत का CCTV वीडियो सामने आया है। फुटेज में तेज रफ्तार कार सड़क किनारे पैदल जा रहे लक्ष्मी नारायण को टक्कर मारती दिखाई दे रही है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लक्ष्मी नारायण करीब 15 फीट दूर उछलकर सड़क पर गिर गए। इसके बाद कार उन्हें कुचलते हुए तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गई।

टार्च जलाते हुए सड़क किनारे पैदल जाते लक्ष्मी नारायण।

वीडियो में यह भी दिखाई दे रहा है कि लक्ष्मी नारायण को टक्कर मारने से पहले कार सड़क किनारे पड़ी किसी वस्तु पर चढ़कर उछलती है। इसके बाद कार बेकाबू होकर लक्ष्मी नारायण के ऊपर से गुजर जाती है।

घटना के बाद सामने आए CCTV और डैशबोर्ड कैमरे के फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराए गए। इन्हीं फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी ड्राइवर की पहचान की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 106 और 281 के तहत मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार भी किया। हालांकि, आरोपी को कोर्ट से जमानत मिल गई।

मंदिर से दर्शन कर पैदल घर लौट रहे थे लक्ष्मी नारायण

कार सवार लक्ष्मी नारायण को टक्कर मारते हुए। सामने से आती कार के डैशबोर्ड कैमरे में यह घटना कैद हुई थी।

Meta में प्रोडक्ट मैनेजर के तौर पर काम करने वाले अमित झावर ने बताया कि घटना 27 अगस्त की रात करीब 8:35 बजे सूरजकुंड थाना क्षेत्र में हुई थी। उनके पिता मंदिर गए थे और दर्शन करने के बाद पैदल घर लौट रहे थे।

अंधेरा होने की वजह से लक्ष्मी नारायण अपने साथ टार्च लेकर गए थे। वह टार्च की रोशनी में धीरे-धीरे पैदल घर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान घर पहुंचने से करीब 100 मीटर पहले तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी।

अमित के मुताबिक, कार अनखीर गोल चक्कर की तरफ से आई थी। टक्कर लगते ही उनके पिता करीब 15 फीट दूर उछलकर सड़क पर जा गिरे। इसके बाद कार उनके ऊपर से गुजर गई। हादसे के बाद ड्राइवर कार लेकर मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल लक्ष्मी नारायण की मौके पर ही मौत हो गई।

CCTV और डैशबोर्ड कैमरे में कैद हुई पूरी घटना

टक्कर लगने के बाद लक्ष्मी नारायण करीब 15 फीट दूर उछल कर गिर जाते है और कार सवार उन्हें कुचलते हुए भाग जाता है।

हादसे से जुड़े CCTV और डैशबोर्ड कैमरे के फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराए गए। फुटेज में कार लक्ष्मी नारायण को टक्कर मारती और उनके ऊपर से गुजरती दिखाई दे रही है।

जांच के दौरान पुलिस ने इन फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर कार की पहचान की। इसके बाद मेवला महाराजपुर निवासी बृजेश को जांच में शामिल किया गया।

घटना से जुड़े फुटेज में लक्ष्मी नारायण को सड़क किनारे टार्च जलाकर पैदल जाते हुए भी देखा जा सकता है। दूसरे फुटेज में कार उनकी तरफ आती और टक्कर मारती दिखाई देती है। एक अन्य फुटेज में टक्कर के बाद लक्ष्मी नारायण करीब 15 फीट दूर जाकर गिरते नजर आते हैं और कार उन्हें कुचलते हुए आगे निकल जाती है।

3 सितंबर को आरोपी बृजेश गिरफ्तार, कोर्ट से मिली जमानत

फरीदाबाद पुलिस के मुताबिक आरोपी बृजेश को 3 सितंबर को पूछताछ और जांच में शामिल होने के लिए बुलाया गया था। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार मामला जमानती होने के कारण कोर्ट ने आरोपी को जमानत दे दी। पुलिस ने हादसे में इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त कर लिया है।

इस मामले में मृतक की बेटी ज्योति की शिकायत पर सूरजकुंड थाने में 28 अगस्त को FIR दर्ज की गई थी। पुलिस ने BNS की धारा 106 और 281 के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस CCTV समेत दूसरे तथ्यों की कर रही जांच

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मामले में CCTV फुटेज समेत अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और घटना के समय कार कौन चला रहा था।

पुलिस के मुताबिक जांच पूरी होने के बाद फाइनल रिपोर्ट तैयार कर जल्द ही कोर्ट में पेश की जाएगी। मामले में परिवार की ओर से भी निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।

अमित झावर ने फरीदाबाद पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल

इसी कार ने लक्ष्मी नारायण झावर को टक्कर मारी थी।

मृतक के बेटे अमित झावर ने फरीदाबाद पुलिस की जांच पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि मामले में पुलिस की कार्रवाई धीमी चल रही है। उनका कहना है कि इसी का नतीजा है कि आरोपी बृजेश को गिरफ्तारी के बाद कुछ ही देर में जमानत मिल गई।

अमित का यह भी कहना है कि FIR में लगी धाराएं मामले के सभी तथ्यों के लिए पर्याप्त नहीं हैं। उन्होंने पुलिस से यह पता लगाने की मांग की है कि घटना के वक्त कार में कौन-कौन मौजूद था।

अमित ने कहा कि फरीदाबाद में करीब 25 हजार स्मार्ट कैमरे हैं। उनका कहना है कि इन कैमरों की मदद से कार में मौजूद लोगों की जानकारी जुटाई जा सकती है।

मामले में फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज समेत उपलब्ध अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार जांच पूरी होने के बाद फाइनल रिपोर्ट कोर्ट में पेश की जाएगी।