फरीदाबाद में बाउंसर की ह*त्या,बीच-बचाव करने पहुंचा, रॉड से हमला,CCTV फुटेज आया सामने
फरीदाबाद के तिलपत गांव में भतीजे को बाइक की टक्कर लगने के विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे बाउंसर वली मोहम्मद की लोहे की रॉड से पीटकर हत्या हुई।
फरीदाबाद में 25 वर्षीय बाउंसर वली मोहम्मद की लोहे की रॉड से पीटकर हत्या
➤ भतीजे को बाइक की टक्कर लगने के बाद शुरू हुआ विवाद, बीच-बचाव करने पर किया हमला
➤ मारपीट का CCTV फुटेज सामने आया, मृतक के भाई तैय्यब का निजी अस्पताल में चल रहा इलाज
फरीदाबाद के तिलपत गांव में भतीजे को बाइक की टक्कर लगने के बाद शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। परिवार के लोगों के बीच झगड़ा बढ़ता देख बीच-बचाव करने पहुंचे 25 वर्षीय बाउंसर वली मोहम्मद पर आरोपियों ने लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार कर दिए। सिर पर कई वार लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक युवक बाउंसर पर लोहे की रॉड से हमला करता दिखाई दे रहा है। मृतक नूंह जिले के गांव बीसरू का रहने वाला था। घटना में उसका भाई तैय्यब भी घायल हुआ है, जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
नए घर के कार्यक्रम के दौरान बाइक की टक्कर से शुरू हुआ विवाद
मामला फरीदाबाद के तिलपत गांव का है। गांव निवासी ताहिर के मुताबिक, उनके घर पर नए मकान से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया था। वीरवार की रात करीब 8 बजे घर पर कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले एक युवक की बाइक से ताहिर के भतीजे को टक्कर लग गई।
इस घटना को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ने लगी और परिवार के लोगों के बीच झगड़े की स्थिति बन गई। इसी दौरान ताहिर का भांजा वली मोहम्मद बीच-बचाव करने के लिए पहुंच गया।
आरोप है कि विवाद शांत कराने पहुंचे वली मोहम्मद पर हमलावरों ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। उस पर लगातार वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सिर पर लगातार किए वार, अस्पताल पहुंचने पर हुई मौत
मृतक के मामा ताहिर ने बताया कि आरोपी साहिल ने वली मोहम्मद पर लोहे की रॉड से लगातार वार किए। उसके सिर पर कई बार हमला किया गया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।
परिजन घायल वली मोहम्मद को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस घटना में उसका भाई तैय्यब भी घायल हो गया। उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
घटना के बाद मारपीट का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में एक युवक लोहे की रॉड से हमला करता दिखाई दे रहा है। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।
चार साल बाद मामा के घर आया था वली मोहम्मद
मृतक के मामा ताहिर ने बताया कि वली मोहम्मद करीब चार साल बाद उनके घर आया था। परिवार के लिए यह मुलाकात दुखद घटना में बदल गई। जिस घर में कार्यक्रम चल रहा था, वहां विवाद के बाद हुई मारपीट में वली मोहम्मद की जान चली गई।
परिवार के मुताबिक, वली मोहम्मद अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
बाउंसर के साथ कुश्ती का भी शौक, गांव में चलाता था अखाड़ा
वली मोहम्मद पेशे से बाउंसर था। उसे कुश्ती का भी शौक था और वह आसपास के इलाकों में होने वाले दंगलों में हिस्सा लेता था। इसके अलावा वह अपने गांव में एक अखाड़ा भी चलाता था, जहां गांव के बच्चों को कुश्ती सिखाता था।
वली मोहम्मद की पहचान एक ऐसे व्यक्ति के रूप में थी, जो खुद कुश्ती में रुचि रखता था और बच्चों को भी इस खेल का प्रशिक्षण देता था। उसकी शादी हो चुकी थी और उसके दो बच्चे हैं। अब उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पल्ला थाना पुलिस कर रही मामले की जांच
पल्ला थाना प्रभारी सत्य प्रकाश के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है।
Akhil Mahajan