हरियाणा में 110 रुपये के पास पर करें तीन देवियों के दर्शन, मनसा देवी से काली माता मंदिर तक दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें; CM नायब सैनी ने दिखाई हरी झंडी
पंचकूला में 110 रुपये के डे-पास पर मनसा देवी, चंडी माता और काली माता मंदिर के दर्शन होंगे। CM नायब सैनी ने पिंजौर गार्डन को जोड़ने वाली इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू की।
हरियाणा में 110 रुपये के डे-पास पर होंगे तीन प्रमुख देवियों के दर्शन, इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू
➤ मनसा देवी, चंडी माता और काली माता मंदिर के साथ पिंजौर गार्डन भी जुड़े, CM नायब सैनी ने दिखाई हरी झंडी
➤ पंचकूला सेक्टर-5 से कालका तक चलेंगी दो इलेक्ट्रिक बसें, दोनों दिशाओं में 20-20 स्टॉप और रोजाना छह राउंड ट्रिप
पंचकूला। धार्मिक स्थलों के दर्शन और पर्यटन के लिए पंचकूला आने वाले श्रद्धालुओं और सैलानियों को अब एक बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। हरियाणा सरकार ने पंचकूला और आसपास के चार प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को जोड़ने के लिए नई इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को श्री माता मनसा देवी मंदिर परिसर स्थित संस्कृत गुरुकुल से बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस सेवा के शुरू होने से श्रद्धालु एक ही दिन में श्री माता मनसा देवी मंदिर, चंडी माता मंदिर, पिंजौर गार्डन और कालका स्थित काली माता मंदिर तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
इस सेवा की खास बात यह है कि यात्रियों को पूरे दिन की यात्रा के लिए केवल 110 रुपये का एक दिवसीय पास बनवाना होगा। इस पास के जरिए यात्री दिनभर निर्धारित रूट पर असीमित आवाजाही कर सकेंगे। करीब 28 से 29 किलोमीटर लंबे इस रूट पर दो आधुनिक इलेक्ट्रिक बसें चलाई गई हैं। ये बसें दिनभर में कुल छह राउंड ट्रिप यानी छह फेरे लगाएंगी। इससे अलग-अलग धार्मिक स्थलों और पर्यटन केंद्रों तक पहुंचने के लिए यात्रियों को बार-बार दूसरे साधनों की तलाश नहीं करनी पड़ेगी।
चार प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थल एक रूट से जुड़ेंगे
नई बस सेवा के तहत पंचकूला और आसपास के चार प्रमुख स्थानों को आपस में जोड़ा गया है। इनमें श्री माता मनसा देवी मंदिर, चंडी माता मंदिर (चंडीमंदिर), पिंजौर गार्डन और काली माता मंदिर (कालका) शामिल हैं।
इस रूट के शुरू होने से श्रद्धालु एक ही दिन में तीन प्रमुख देवी मंदिरों के दर्शन कर सकेंगे। वहीं, घूमने के शौकीन लोग पिंजौर गार्डन तक भी आसानी से पहुंच पाएंगे। 110 रुपये का डे-पास होने के कारण यात्रियों को निर्धारित रूट पर दिनभर सफर करने की सुविधा मिलेगी।
सेक्टर-5 से सुबह 7 बजे चलेगी पहली बस
परिचालन विभाग की ओर से जारी समय-सारणी के अनुसार, पंचकूला के सेक्टर-5 बस स्टैंड से कालका मंदिर पार्किंग की ओर पहली बस सुबह 7:00 बजे रवाना होगी। यह बस सुबह 8:40 बजे कालका मंदिर पार्किंग पहुंचेगी।
सेक्टर-5 से अन्य बसों के प्रस्थान का समय सुबह 8:30 बजे, सुबह 11:00 बजे, दोपहर 12:30 बजे, शाम 4:30 बजे और शाम 6:00 बजे निर्धारित किया गया है। शाम 6:00 बजे सेक्टर-5 से इस दिशा में अंतिम बस रवाना होगी।
कालका से रात 8 बजे चलेगी आखिरी बस
वहीं, कालका मंदिर पार्किंग से पंचकूला सेक्टर-5 बस स्टैंड की ओर पहली बस सुबह 9:00 बजे चलेगी। यह सुबह 10:40 बजे सेक्टर-5 बस स्टैंड पहुंचेगी।
कालका से अन्य बसों के प्रस्थान का समय सुबह 10:30 बजे, दोपहर 1:00 बजे, दोपहर 2:30 बजे और शाम 6:30 बजे रहेगा। इस दिशा में अंतिम बस रात 8:00 बजे कालका मंदिर पार्किंग से रवाना होगी, जो रात 9:40 बजे पंचकूला सेक्टर-5 पहुंचेगी।
दोनों तरफ बनाए गए 20-20 स्टॉप
नई इलेक्ट्रिक बस सेवा के लिए दोनों दिशाओं में 20-20 स्टॉप निर्धारित किए गए हैं। बसों का संचालन पंचकूला सेक्टर-5 बस स्टैंड से शुरू होकर कालका मंदिर पार्किंग तक होगा।
निर्धारित स्टॉप में सेक्टर-5 बस स्टैंड, सेक्टर 11/15, 16/9, 17/8, हाउसिंग बोर्ड, मनीमाजरा, भैंसा टिब्बा, माता मनसा देवी, भैंसा डिब्बा, सिंह द्वार, कमांड हॉस्पिटल, ओल्ड पंचकूला, चंडी मंदिर, सूरजपुर, एचएमटी, पिंजौर गार्डन, पिंजौर, कालका बस स्टैंड, कालका मंदिर और कालका मंदिर पार्किंग शामिल हैं।
इस तरह यात्रियों को रास्ते में आने वाले प्रमुख स्थानों पर उतरने और चढ़ने की सुविधा मिलेगी। खासकर मंदिरों के दर्शन और पिंजौर गार्डन घूमने जाने वाले लोगों के लिए यह रूट उपयोगी साबित हो सकता है।
गुरुकुल के 25वें वार्षिक समारोह में भी शामिल हुए मुख्यमंत्री
इलेक्ट्रिक बस सेवा के शुभारंभ के साथ ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी श्री माता मनसा देवी मंदिर परिसर स्थित संस्कृत गुरुकुल के 25वें वार्षिक समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान गुरुकुल के युवा छात्रों ने पारंपरिक खेल मलखंब का शानदार और हैरतअंगेज प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री सहित कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की जमकर सराहना की। बस सेवा को हरी झंडी दिखाने के बाद मुख्यमंत्री ने नारियल तोड़कर भी शुभारंभ कार्यक्रम की परंपरा पूरी की।
pooja