108 करोड़ का घोटाला,523 खाते, 1,897 ट्रांजेक्शन; 5 राज्यों में छापे
हरियाणा में SFC योजनाओं के नाम पर 108 करोड़ के घोटाले का खुलासा। 523 खातों में 1,897 संदिग्ध ट्रांजेक्शन मिलीं, सात गिरफ्तार और पांच राज्यों में छापेमारी जारी।
हरियाणा के विकास एवं पंचायत विभाग में 108 करोड़ रुपये के फंड घोटाले पर सरकार ने बुलाई इमरजेंसी मीटिंग
➤ बैंक रिलेशनशिप मैनेजर पर 5 लाख रुपये लेकर फर्जी खाते खुलवाने का आरोप, 523 खातों में मिलीं 1,897 संदिग्ध ट्रांजेक्शन
➤ SIT की 10 टीमें हरियाणा समेत 5 राज्यों में कर रहीं छापेमारी, 7 आरोपी गिरफ्तार; कई अन्य की तलाश जारी
हरियाणा के विकास एवं पंचायत विभाग में राज्य वित्त आयोग (SFC) की योजनाओं के नाम पर सामने आए 108 करोड़ रुपये के घोटाले ने सरकार से लेकर पुलिस महकमे तक में हलचल मचा दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में सिविल सचिवालय में दोपहर 3 बजे होने वाली इस बैठक में शिक्षा, पंचायत, शहरी स्थानीय निकाय समेत कई विभागों के अधिकारियों को बुलाया गया है।
शुरुआती जांच में 74.70 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया था, लेकिन विभागीय ऑडिट में घोटाले का दायरा कहीं ज्यादा बड़ा निकला। जांच में 523 बैंक खातों के माध्यम से 1,897 संदिग्ध ट्रांजेक्शन के जरिए करीब 108 करोड़ रुपये निकाले जाने का पता चला है। पुलिस के मुताबिक, इस पूरे खेल में बैंक के एक रिलेशनशिप मैनेजर (RM) की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि उसने 5-5 लाख रुपये का कमीशन लेकर फर्जी बैंक खाते खुलवाए, जिनके जरिए घोटाले की रकम ट्रांसफर कर निकाली गई।
यह मामला 17 नवंबर को सामने आया था और 19 नवंबर को FIR दर्ज की गई थी। पंचकूला पुलिस ने जांच के लिए SIT गठित की, जिसने अब तक बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस की 10 टीमें हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब और राजस्थान में छापेमारी कर रही हैं। जांच एजेंसियों को आशंका है कि घोटाले में शामिल लोगों की संख्या और ठगी की रकम का आंकड़ा आगे और बढ़ सकता है।
नोएडा की फर्जी कंपनी से सामने आया बिहार कनेक्शन
पुलिस जांच में शुरुआत में 74.70 लाख रुपये के लेनदेन का पता चला। यह रकम नोएडा के सेक्टर-12 और सेक्टर-4 के पते पर रजिस्टर्ड फर्जी कंपनी 'द सॉफ्ट सफारी टॉयज प्रा. लि.' के कैथोलिक सीरियन बैंक खाते में ट्रांसफर की गई थी।
जांच में कंपनी के संचालक मुकेश कुमार निवासी मुंजा पटरहिया, मुजफ्फरपुर, बिहार और उत्पल कांत निवासी खौक्सा बुजुर्ग, वैशाली, बिहार के नाम सामने आए। दोनों नोएडा से फरार थे। इसके बाद एएसआई दीपक कुमार की टीम ने बिहार पुलिस की मदद से वैशाली के देसरी इलाके में दबिश दी और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस दोनों को हाजीपुर कोर्ट से तीन दिन का ट्रांजिट रिमांड लेकर पंचकूला लाई।
कुरुक्षेत्र की फर्जी फर्म के खाते में पहुंचे 1.98 करोड़ रुपये
23 नवंबर को इस मामले की जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन किया गया। इसकी कमान एएसआई सतीश कुमार को सौंपी गई। जांच के दौरान RBL बैंक के एक करंट खाते में 1.98 करोड़ रुपये ट्रांसफर होने की जानकारी मिली।
यह खाता कुरुक्षेत्र के खेड़ी मारकंडा स्थित सरस्वती कॉलोनी में 'नीलकंठ ट्रेडर्स' नाम से फर्जी फर्म बनाकर खुलवाया गया था। पुलिस ने इस फर्म के पार्टनर संजय कुमार उर्फ पिंकू निवासी बाड़ी माजरा, यमुनानगर और अभिषेक, मूल निवासी मोदीनगर, गाजियाबाद और हाल निवासी यमुनानगर को गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया कि फर्जी फर्म और बैंक खातों का इस्तेमाल सरकारी फंड की रकम को इधर-उधर ट्रांसफर करने के लिए किया गया।
फर्जी पते पर आधार कार्ड अपडेट करवाकर खुलवाया बैंक खाता
पुलिस कॉल डिटेल्स के आधार पर पानीपत के तहसील कैंप निवासी तरुण कुमार तक पहुंची। पूछताछ में तरुण ने बताया कि उसने अपने साथियों राजबीर उर्फ रवि और यमुनानगर निवासी गगनदीप अरोड़ा के साथ मिलकर संजय और अभिषेक के आधार कार्ड में फर्जी पता अपडेट करवाया था।
इसके बाद RBL बैंक की सिरसमा (पिपली, कुरुक्षेत्र) शाखा में करंट खाता खुलवाया गया। पुलिस जांच में इस खाते का इस्तेमाल घोटाले की रकम के लेनदेन के लिए किए जाने की बात सामने आई।
बैंक रिलेशनशिप मैनेजर के जरिए साइबर ठगों तक पहुंचा खाता
जांच में RBL बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर गुरजिंदर सिंह उर्फ कैप्टन निवासी शांति नगर, करनाल की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि उसने बैंक खाता तीन लाख रुपये में साइबर ठगों को बेच दिया था।
पुलिस ने गुरजिंदर सिंह को करनाल से गिरफ्तार किया। वहीं, मामले के मुख्य सूत्रधार बताए जा रहे गगनदीप अरोड़ा को एसआई भूप सिंह की टीम ने लखनऊ के माधव ग्रीन सिटी से गिरफ्तार किया।
इस तरह जांच आगे बढ़ने के साथ पुलिस को फर्जी कंपनियों, बैंक खातों और उनके जरिए रकम ट्रांसफर करने वाले नेटवर्क की जानकारी मिलती गई।
कमीशन के लिए हुआ पूरा खेल, लाखों रुपये खर्च किए
पुलिस पूछताछ में कमीशन के लेनदेन से जुड़ी कई जानकारियां सामने आई हैं। जांच के मुताबिक, तरुण कुमार को इस फर्जीवाड़े में कमीशन के तौर पर 10 लाख रुपये मिले थे। इनमें से आठ लाख रुपये उसने खर्च कर दिए, जबकि बाकी दो लाख रुपये पानीपत स्थित अपने घर की लोहे की अलमारी में छिपाकर रखे थे।
वहीं, बैंक रिलेशनशिप मैनेजर गुरजिंदर सिंह को साइबर फ्रॉड ट्रांजेक्शन के लिए पांच लाख रुपये और कमीशन के तौर पर एक लाख रुपये मिले थे। उसके करनाल स्थित घर से 80 हजार रुपये बरामद किए जाने हैं।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर घोटाले में इस्तेमाल की गई नकदी और अन्य सबूत जुटाने में लगी है।
SIT की 10 टीमें पांच राज्यों में कर रहीं छापेमारी
108 करोड़ रुपये के इस घोटाले की जांच के लिए पंचकूला पुलिस ने बड़े स्तर पर अभियान चलाया है। SIT की 10 टीमें हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब और राजस्थान में छापेमारी कर रही हैं।
इस मामले में पंचकूला के अलावा अंबाला रेंज से भी जांच अधिकारियों को बुलाया गया है। अब तक दूसरे जिलों से करीब 25 पुलिस अधिकारियों को जांच में लगाया जा चुका है। कागजी कार्रवाई और आरोपियों की पेशी के लिए अलग से टीमें तैयार की जा रही हैं।
पुलिस का मानना है कि घोटाले का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ है। इसी वजह से अलग-अलग स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की जा रही है।
अब फरार राजबीर और मनिंद्र सिंह की तलाश
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर नकदी, मोबाइल सिम और चेकबुक बरामद करने में जुटी है। इसके साथ ही फरार सह-आरोपियों राजबीर और मनिंद्र सिंह की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही है।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, राजबीर के अवतार कंस्ट्रक्शन के नाम से कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, दिल्ली और जयपुर में ठिकाने हैं। वहीं, मनिंद्र सिंह के पंजाब और करनाल में संदिग्ध ठिकाने बताए जा रहे हैं।
पुलिस इन ठिकानों पर दबिश देकर दोनों आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। फिलहाल मामले में सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि बाकी संदिग्धों की तलाश और बैंक खातों के जरिए हुए लेनदेन की जांच जारी है।
pooja