कार रुकवाकर युवक और बच्चों को पीटा,जबड़े की हड्डी में फ्रैक्चर,आरोपी फरार

यमुनानगर में कार रुकवाकर युवक और उसके दो बच्चों से मारपीट का आरोप। युवक के जबड़े में फ्रैक्चर आया। पुलिस को देख आरोपी स्विफ्ट और एक्टिवा छोड़कर फरार हुए।

कार रुकवाकर युवक और बच्चों को पीटा,जबड़े की हड्डी में फ्रैक्चर,आरोपी फरार

यमुनानगर में बस स्टैंड के पास कार रुकवाकर युवक और उसके दो बच्चों पर करीब 10 लोगों ने किया हमला

➤ मारपीट में युवक के जबड़े की हड्डी में फ्रैक्चर, शरीर पर आईं सात चोटें

➤ पुलिस को मौके पर देख स्विफ्ट कार और एक्टिवा छोड़कर फरार हुए आरोपी, सिटी थाना पुलिस ने दर्ज किया केस

यमुनानगर में बस स्टैंड के पास सीटी मॉल के नजदीक कार सवार युवक और उसके दो बच्चों पर करीब 10 लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले तेज रफ्तार स्विफ्ट कार आगे लगाकर उनकी गाड़ी रुकवाई और फिर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। हमले में युवक के जबड़े की हड्डी में फ्रैक्चर आया है। उसके शरीर पर सात चोटें बताई गई हैं। घटना के दौरान सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी अपनी स्विफ्ट कार और एक्टिवा वहीं छोड़कर फरार हो गए।

मामले में कृष्णा कॉलोनी निवासी विष्णु पुत्र अशोक कुमार की शिकायत पर यमुनानगर सिटी थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मौके से मिली दोनों गाड़ियों को कब्जे में ले लिया है।

पेट्रोल पंप से तेल डलवाकर निकला था युवक, रास्ते में रोक ली कार

पुलिस को दी शिकायत में विष्णु ने बताया कि वह रात करीब 9 बजे अपने दो बच्चों के साथ कार में सवार होकर मार्केट आया था। यमुनानगर बस स्टैंड के पास स्थित पेट्रोल पंप से तेल डलवाने के बाद जब वह वहां से निकला तो पीछे से तेज रफ्तार में आई एक स्विफ्ट कार ने उसकी गाड़ी के आगे आकर रास्ता रोक लिया।

शिकायत के अनुसार, स्विफ्ट कार में तीन युवक सवार थे। गाड़ी रुकते ही उन्होंने विष्णु के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी।

फोन कर बुलाए 6-7 अन्य युवक, बच्चों के साथ भी मारपीट का आरोप

विष्णु ने पुलिस को बताया कि शुरुआती मारपीट के दौरान आरोपियों ने फोन करके 6-7 अन्य युवकों को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर उस पर और उसके बच्चों पर हमला कर दिया।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि हमलावरों ने उसे जान से मारने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिससे उसे बचाव का मौका मिला। पुलिस को आते देख आरोपी अपनी स्विफ्ट कार और एक्टिवा मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए।

मौके पर मिलीं स्विफ्ट कार और एक्टिवा, कार के शीशे टूटे मिले

घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां विष्णु ने पुलिस को बताया कि हमलावर अपनी दोनों गाड़ियां छोड़कर भाग गए हैं।

पुलिस ने मौके से स्विफ्ट कार और एक्टिवा को कब्जे में लेकर थाने के सुरक्षित अहाते में खड़ा करवा दिया। जांच के दौरान स्विफ्ट कार के आगे, पीछे और दोनों तरफ के शीशे टूटे हुए मिले।

वरुण भांबरी का नाम आया सामने, पुलिस ने शुरू की जांच

सिटी थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस की तस्दीक में मारपीट के मामले में जगाधरी वर्कशॉप निवासी वरुण भांबरी का नाम सामने आया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और मौके पर छोड़े गए वाहनों के संबंध में जांच कर रही है।