फरीदाबाद में चलती कार की छत पर बैठकर सफर, ट्रैफिक पुलिस ने काटा ₹14 हजार का चालान
फरीदाबाद के KGP एक्सप्रेसवे पर चलती कार की छत पर बैठकर सफर करने का वीडियो वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने वाहन मालिक का ₹14 हजार का चालान किया है।
चलती कार की छत पर बैठकर सफर करने का वीडियो वायरल
फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने वाहन मालिक का ₹14 हजार का चालान किया
पुलिस ने लोगों से स्टंटबाजी और यातायात नियम तोड़ने से बचने की अपील की
फरीदाबाद जिले में कुंडली-गाजियाबाद-पलवल (KGP) एक्सप्रेसवे पर चलती कार की छत पर बैठकर सफर करना एक युवक को भारी पड़ गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन मालिक का 14 हजार रुपए का पोस्ट चालान काट दिया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना छांयसा क्षेत्र के पास की है। करीब चार दिन पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में एक सेंट्रो कार एक्सप्रेसवे पर दौड़ती हुई दिखाई दे रही थी। कार के अंदर बड़ी मात्रा में सब्जियां भरी हुई थीं। जगह कम होने के कारण एक युवक कार की छत पर बैठकर सफर करता नजर आया।
बताया जा रहा है कि पीछे चल रहे एक अन्य वाहन चालक ने इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। देखते ही देखते वीडियो तेजी से वायरल हो गया और ट्रैफिक पुलिस के संज्ञान में पहुंच गया।
वीडियो की जांच के बाद ट्रैफिक पुलिस ने वाहन की पहचान कर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की। वाहन मालिक पर विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन के आरोप में ₹14,000 का पोस्ट चालान जारी किया गया।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि चलती कार की छत पर बैठकर सफर करना बेहद खतरनाक है। अचानक ब्रेक लगने या वाहन के असंतुलित होने पर बड़ा हादसा हो सकता है। इससे न केवल वाहन में बैठे व्यक्ति बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।
उन्होंने बताया कि वाहन मालिक के खिलाफ पुलिस आदेश की अवहेलना, वाहन के बाहर व्यक्ति को बैठाकर ले जाना, सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करना, खतरनाक तरीके से वाहन चलाना, हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं होना और जरूरी दस्तावेज साथ नहीं रखने जैसे कई नियमों के उल्लंघन में कार्रवाई की गई है।
ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि लगातार लोगों को सुरक्षित ड्राइविंग और यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसके बावजूद यदि कोई नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच पुलिस ने यह भी बताया कि हाल ही में प्याली चौक के पास एक ऑटो चालक के स्टंट का वीडियो भी सामने आया है। उसकी पहचान की जा रही है और उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
pooja