फरीदाबाद में दुकान का छज्जा गिरा, दो युवकों की दर्दनाक मौ*त

फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में बारिश के बीच बंद दुकान का जर्जर छज्जा गिरने से दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

फरीदाबाद में दुकान का छज्जा गिरा, दो युवकों की दर्दनाक मौ*त

बल्लभगढ़ में बंद दुकान का जर्जर छज्जा गिरने से दो युवकों की मौत

छज्जे के नीचे खड़े थे दोनों युवक, मलबे में दबने से गई जान

प्रारंभिक जांच में लगातार बारिश और जर्जर छज्जा हादसे की वजह माना गया


फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। चावला कॉलोनी हाईवे स्थित सोहना टी-पॉइंट के पास एक बंद दुकान का जर्जर छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय दुकान बंद थी, लेकिन छज्जे के नीचे खड़े दोनों युवक मलबे में दब गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने बिना देर किए मलबा हटाया और दोनों युवकों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। हालांकि गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार, यह दुकान अहिरवाड़ा निवासी राहुल की है, जहां पेप्सी, चाय और अन्य सामान बेचा जाता था। दुकान पिछले तीन दिनों से बंद थी। बुधवार सुबह करीब 10 बजे दोनों युवक दुकान के बाहर छज्जे के नीचे खड़े थे, तभी अचानक छज्जा गिर गया।

मृतकों की पहचान अमरजीत और संतोष के रूप में हुई है। दोनों बिहार के रहने वाले थे और बल्लभगढ़ के जीवन नगर में किराए पर रहकर काम करते थे।

शहर थाना प्रभारी उमेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लगातार हुई बारिश और दुकान का पुराना व जर्जर छज्जा हादसे की मुख्य वजह हो सकता है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण कई पुराने भवन और छज्जे कमजोर हो चुके हैं, जिनकी समय पर मरम्मत न होने से इस तरह के हादसों का खतरा बढ़ जाता है।