फरीदाबाद BK अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौ*त, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

फरीदाबाद के BK अस्पताल में 22 वर्षीय गर्भवती रीना और उसके बच्चे की मौत हो गई। परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया, पुलिस बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करा रही है।

फरीदाबाद BK अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौ*त, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

फरीदाबाद के BK अस्पताल में 22 वर्षीय रीना और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत
परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया, पुलिस ने जांच शुरू की
BP हाई होने की बात सामने आई, बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है

फरीदाबाद शहर के बादशाह खान सिविल अस्पताल (BK अस्पताल) में इलाज के दौरान गर्भवती महिला और उसके नवजात बच्चे की मौत का मामला सामने आया है। महिला को डिलीवरी के लिए एक दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद महिला को उल्टियां होने लगीं। इसके बाद उसे रेफर किए जाने की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक, डॉक्टरों ने महिला की मौत का कारण BP हाई होना बताया है। वहीं, परिजनों ने अस्पताल के स्टाफ और डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और महिला के शव का बोर्ड के जरिए पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

डिलीवरी के लिए बुधवार सुबह अस्पताल लेकर पहुंचे थे

मृतक महिला की सास धर्मवती ने बताया कि उनका परिवार सेक्टर 56 में रहता है। उन्होंने बताया कि रीना (22) को बुधवार सुबह करीब 9 बजे डिलीवरी के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे थे। अस्पताल में रीना को वार्ड में भर्ती कर लिया गया था।

परिजनों के अनुसार, गुरुवार को अचानक रीना की तबीयत बिगड़ने लगी और उसे उल्टियां आनी शुरू हो गईं। सास का आरोप है कि अस्पताल के स्टाफ ने उसे रेफर कर दिया, लेकिन समय पर उसका इलाज नहीं किया गया। परिजनों का कहना है कि इलाज के अभाव में रीना की मौत हो गई। उसके पेट में पल रहे 9 महीने के बच्चे की भी मौत हो गई।

अस्पताल में महिला की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। परिवार के लोग अस्पताल परिसर में विलाप करते नजर आए।

दो साल पहले हुई थी रीना की शादी

मृतका के पति अजय ने बताया कि उसकी शादी करीब 2 साल पहले छाता, यूपी की रहने वाली रीना के साथ हुई थी। यह उनका पहला बच्चा था।

अजय का आरोप है कि अस्पताल में उसकी पत्नी की तबीयत लगातार बिगड़ रही थी, लेकिन कोई डॉक्टर उसे देखने के लिए नहीं आया। उसने बताया कि वह करीब डेढ़ घंटे तक डॉक्टर का इंतजार करते रहे। परिवार का आरोप है कि अगर समय पर रीना को इलाज मिलता तो स्थिति अलग हो सकती थी।

परिजनों ने अस्पताल की व्यवस्था और इलाज को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि रीना को डिलीवरी के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन तबीयत बिगड़ने के बाद उसे उचित इलाज नहीं मिल सका।

पुलिस ने कहा- BP हाई होने से मौत की बात डॉक्टरों ने बताई

मामले की जांच कर रहे देवदत्त पुलिस जांच अधिकारी ने बताया कि डॉक्टरों की ओर से अभी तक महिला की मौत का कारण BP हाई होना बताया गया है। महिला की मौत के बाद उसके पेट में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, तबीयत बिगड़ने के बाद महिला को रेफर किया गया था। पुलिस के अनुसार, ससुराल पक्ष के लोग उसे निजी अस्पताल लेकर नहीं गए, ऐसा लड़की के मायके वालों की ओर से आरोप लगाया गया है।

पुलिस ने बताया कि फिलहाल महिला के शव का बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।