जन्मदिन से पहले उजड़ गई खुशियां, फरीदाबाद में ट्रैक्टर के पहिए से एक साल के राहुल की मौ*त

फरीदाबाद के सेक्टर-86 में ट्रैक्टर का पहिया सिर पर चढ़ने से एक साल के राहुल की मौत हो गई। 12 अक्टूबर को उसका पहला जन्मदिन था।

जन्मदिन से पहले उजड़ गई खुशियां, फरीदाबाद में ट्रैक्टर के पहिए से एक साल के राहुल की मौ*त

फरीदाबाद के सेक्टर-86 में ट्रैक्टर का पहिया सिर पर चढ़ने से एक साल के राहुल की मौत

➤ गली में सड़क किनारे बैठकर खेल रहा था बच्चा, पानी का टैंकर लेकर जा रहा था ट्रैक्टर

➤ 12 अक्टूबर को था राहुल का पहला जन्मदिन, पुलिस ने चालक राजकुमार को पकड़कर शुरू की जांच

फरीदाबाद के नहर पार सेक्टर-86 में एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। सड़क किनारे बैठकर खेल रहे एक साल के बच्चे राहुल की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई। पानी का टैंकर लेकर जा रहे ट्रैक्टर को पीछे करते समय उसका पहिया बच्चे के सिर पर चढ़ गया। हादसा इतना गंभीर था कि राहुल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। परिवार के लिए यह दुखद घटना इसलिए भी बड़ा सदमा बन गई, क्योंकि 12 अक्टूबर को राहुल का पहला जन्मदिन था। जिस घर में बच्चे के जन्मदिन की खुशियां मनाने की तैयारी होनी थी, वहां हादसे के बाद मातम पसरा है। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

सड़क किनारे बैठकर खेल रहा था राहुल, कमरे में थे पिता

बच्चे के पिता जितेंद्र ने बताया कि उनका परिवार मूल रूप से मध्यप्रदेश का रहने वाला है। वह फरीदाबाद में एक कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करते हैं। करीब चार महीने पहले ही वह यहां आए थे और परिवार के साथ रह रहे थे।

जितेंद्र के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 5 बजे उनका बेटा राहुल सड़क किनारे बैठकर खेल रहा था। उस समय वह कमरे के अंदर बैठे हुए थे। इसी दौरान बाहर से बच्चों के शोर की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर वह तुरंत बाहर पहुंचे।

बाहर पहुंचे तो ट्रैक्टर की चपेट में मिला बेटा

जितेंद्र ने बताया कि बाहर आने पर उन्होंने राहुल को ट्रैक्टर की चपेट में देखा। पानी का टैंकर लेकर जा रहे ट्रैक्टर को पीछे किया जा रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर का पहिया बच्चे के सिर पर चढ़ गया।

हादसे में राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। परिवार के इकलौते बच्चे की इस तरह अचानक मौत से परिजन सदमे में हैं। जिस बच्चे की किलकारियों से घर में खुशियां थीं, उसकी मौत ने परिवार को गहरे दुख में डाल दिया।

12 अक्टूबर को मनाना था पहला जन्मदिन, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

राहुल का जन्मदिन 12 अक्टूबर को था। वह एक साल पूरा करके दूसरे साल में प्रवेश करने वाला था। परिवार के लिए यह उसका पहला जन्मदिन था, लेकिन इससे पहले ही हादसे ने उनकी खुशियां छीन लीं।

बच्चे के जन्मदिन से ठीक पहले हुई इस घटना ने परिवार को झकझोर कर रख दिया। जन्मदिन के मौके पर घर में खुशियां होनी थीं, लेकिन हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

खेड़ी थाना पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ा

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। खेड़ी थाना पुलिस के मुताबिक, ट्रैक्टर चालक राजकुमार को पकड़ लिया गया है। पुलिस ने बच्चे के शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। एक साल के बच्चे की मौत से इलाके में भी दुख का माहौल है।