साइड मांगने पर बरसाईं गोलियां! ASI के बेटे पर 3 भाइयों पर फायरिंग का आरोप

फरीदाबाद में साइड मांगने पर दिल्ली पुलिस के ASI के बेटे पर तीन भाइयों पर फायरिंग का आरोप है। दो घायल, एक के घर आज होनी थी बच्चे की छठी।

साइड मांगने पर बरसाईं गोलियां! ASI के बेटे पर 3 भाइयों पर फायरिंग का आरोप

साइड मांगने पर दिल्ली पुलिस के ASI के बेटे ने 3 सगे भाइयों पर चलाई गोलियां, दो की हालत गंभीर
➤ प्रशांत की गर्दन और प्रिंस की छाती में लगी गोली, तीसरे भाई और साले को छूकर निकली
➤ 4 दिन पहले घर में गूंजी थी बच्चे की किलकारी, आज होनी थी छठी; फायरिंग के बाद खुशियां मातम में बदलीं

हरियाणा के फरीदाबाद में रास्ते से कार हटाने के लिए साइड मांगना तीन सगे भाइयों और उनके परिवार के लिए भारी पड़ गया। आरोप है कि दिल्ली पुलिस में तैनात ASI के बेटे ने मामूली विवाद के बाद तीन भाइयों पर पिस्टल से फायरिंग कर दी। वारदात में दो भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। एक की गर्दन और दूसरे की छाती में गोली लगी है। वहीं, तीसरे भाई और उसके साले को भी गोली छूकर निकल गई। दोनों गंभीर घायलों को सेक्टर-21 A स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना का सबसे दुखद पहलू यह है कि घायल प्रशांत के घर में आज बेटे की छठी का कार्यक्रम होना था। चार दिन पहले ही उसकी पत्नी ने बच्चे को जन्म दिया था। घर में नए मेहमान के आने की खुशियां मनाई जा रही थीं और परिवार कार्यक्रम की तैयारियों में जुटा था। इसी सिलसिले में तीनों भाई अपने साले के साथ कार लेकर बुआ को लेने दिल्ली रेलवे स्टेशन जा रहे थे। लेकिन रास्ते में खड़ी एक ब्रेजा कार को हटाने के लिए कहने पर विवाद इतना बढ़ गया कि गोलियां चल गईं। घटना के बाद परिवार ने छठी का कार्यक्रम रद्द कर दिया। पुलिस ने आरोपी जसवंत को राउंडअप कर लिया है।

दिल्ली रेलवे स्टेशन बुआ को लेने जा रहे थे तीनों भाई, रास्ते में खड़ी थी ब्रेजा कार

परिजनों के अनुसार, भरत कॉलोनी निवासी पीयूष 12 नवंबर की रात करीब 10 बजे अपने भाई प्रिंस, प्रशांत और प्रशांत के साले तुषार के साथ कार में सवार होकर दिल्ली रेलवे स्टेशन जा रहे थे। उन्हें अपनी बुआ को लेने जाना था, जो राजस्थान के कोटा से ट्रेन के जरिए दिल्ली पहुंची थीं।

जब उनकी कार घर से करीब 100 मीटर दूर सेंट्रल बैंक के पास पहुंची तो रास्ते में कई गाड़ियां खड़ी मिलीं। इस वजह से उनकी कार को आगे निकलने के लिए जगह नहीं मिल रही थी।

इसी दौरान पीयूष ने वहां खड़ी ब्रेजा कार के चालक जसवंत से गाड़ी हटाकर साइड देने को कहा। आरोप है कि जसवंत ने कार आगे लगाकर रास्ता रोक दिया। इसके बाद वह नीचे उतरा और तीनों भाइयों के साथ गाली-गलौज करने लगा।

गाली-गलौज के बाद पिस्टल तानी, फिर एक के बाद एक चलाईं तीन गोलियां

पीयूष के मुताबिक, साइड मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते बढ़ गया। आरोप है कि जसवंत ने गाली-गलौज करते हुए उन पर पिस्टल तान दी। इसके बाद उसने तीन राउंड फायरिंग कर दी।

फायरिंग के दौरान एक गोली प्रशांत की गर्दन में लगी, जबकि दूसरी गोली प्रिंस की छाती में जा लगी। तीसरे भाई पीयूष और उसके साले तुषार को भी गोली लगी, लेकिन दोनों को गोली छूकर निकल गई।

अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल दोनों भाइयों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। उन्हें सेक्टर-21 A स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटनास्थल से पुलिस को तीन खाली खोल भी बरामद हुए हैं।

चार दिन पहले घर में गूंजी थी बच्चे की किलकारी, आज होनी थी छठी

इस घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। घायल प्रशांत की पत्नी ने चार दिन पहले ही बच्चे को जन्म दिया था। घर में बच्चे की छठी का कार्यक्रम रखा गया था और परिवार के लोग इसकी तैयारियों में जुटे हुए थे।

इसी कार्यक्रम के लिए तीनों भाई दिल्ली रेलवे स्टेशन से अपनी बुआ को लेने जा रहे थे। बुआ राजस्थान के कोटा से ट्रेन में दिल्ली पहुंची थीं। परिवार को उम्मीद थी कि घर में नए मेहमान की छठी धूमधाम से मनाई जाएगी, लेकिन रास्ते में हुए विवाद और फायरिंग ने सबकुछ बदल दिया।

गोली लगने से घायल प्रशांत और प्रिंस की हालत देखकर परिवार के लोग अस्पताल के बाहर रोने लगे। घटना के बाद घर में होने वाला छठी का कार्यक्रम भी रद्द कर दिया गया।

प्रशांत का इलेक्ट्रॉनिक शोरूम, प्रिंस बीटेक सेकेंड ईयर का छात्र

परिजनों के मुताबिक, घायल प्रशांत का इलेक्ट्रॉनिक का शोरूम है। वहीं, उसका छोटा भाई प्रिंस अभी बीटेक सेकेंड ईयर में पढ़ाई कर रहा है।

फायरिंग में दोनों भाइयों को गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों का कहना है कि डॉक्टरों ने ऑपरेशन करके प्रिंस के शरीर से गोली निकाल दी है। वहीं, बड़े भाई प्रशांत का भी ऑपरेशन होना है।

अस्पताल में दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। परिवार के लोग उनकी सलामती के लिए चिंतित हैं।

दिल्ली पुलिस के ASI का बेटा है आरोपी जसवंत, पुलिस ने किया राउंडअप

फायरिंग के मामले में आरोपी की पहचान जसवंत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह दिल्ली पुलिस में तैनात एक ASI का बेटा है। विवाद के दौरान उसी पर पिस्टल से तीन राउंड फायरिंग करने का आरोप है।

खेड़ी पुल थाना प्रभारी राकेश ने बताया कि मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जसवंत को राउंडअप कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियार और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। घटनास्थल से तीन खोल बरामद हुए हैं। पुलिस शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।