पराली से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगी आग, ड्राइवर ने गांव से बाहर पहुंचाकर टाला हादसा

फतेहाबाद के बैजलपुर गांव में बिजली की तारों से टकराने पर पराली से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में आग लग गई। ड्राइवर ने ट्रॉली गांव से बाहर पहुंचाई और दमकल ने आग बुझाई।

पराली से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगी आग, ड्राइवर ने गांव से बाहर पहुंचाकर टाला हादसा

फतेहाबाद के बैजलपुर गांव में पराली से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगी आग

➤ बिजली की तारें छूने से निकली चिंगारी ने सूखी पराली को लिया चपेट में

➤ ड्राइवर ट्रॉली को गांव से बाहर ले गया, फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू

फतेहाबाद जिले के गांव बैजलपुर में शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब धान की पराली से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में अचानक आग लग गई। घटना रिहायशी इलाके के बिल्कुल नजदीक हुई। ट्रॉली में लदी सूखी पराली के ऊपर से गुजर रही बिजली की तारों से छू जाने के कारण चिंगारी निकली और देखते ही देखते पराली आग की चपेट में आ गई। ट्रॉली से आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोग घबरा गए।

हालांकि, ड्राइवर की सूझबूझ और ग्रामीणों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। चालक जलती हुई ट्रॉली को गांव से बाहर सुरक्षित स्थान की ओर ले गया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

मोची चौबारा के खेतों से पराली लेकर जा रहा था ट्रैक्टर

जानकारी के अनुसार, एक ट्रैक्टर चालक गांव मोची चौबारा की ओर स्थित खेतों से ट्रॉली में धान की पराली भरकर भूना के हिसार रोड स्थित पराली स्टॉक पॉइंट पर ले जा रहा था। दोपहर के समय जब ट्रैक्टर-ट्रॉली गांव बैजलपुर की फिरनी से गुजर रही थी, तभी ऊपर से गुजर रही बिजली की तारें ट्रॉली में लदी पराली से छू गईं।

बिजली की तारों के संपर्क में आते ही चिंगारी निकली और उसने सूखी पराली को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में ट्रॉली से आग की लपटें उठने लगीं और धुआं फैल गया। घटना रिहायशी इलाके के पास होने के कारण आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

ग्रामीणों ने पानी और मिट्टी डालकर बुझाने का किया प्रयास

जिस जगह पर ट्रॉली में आग लगी, उसके आसपास काफी रिहायशी मकान बने हुए हैं। आग की लपटें देखकर आसपास के घरों में मौजूद लोग घबरा गए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

ग्रामीणों ने तुरंत अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। लोगों ने पानी और मिट्टी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। इसी बीच घटना की सूचना दमकल विभाग को भी दी गई।

फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद बुझाई आग

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद एहतियात के तौर पर सुलगती हुई पराली को ट्रॉली सहित गांव की श्मशान भूमि के पीछे पड़ी खाली जमीन पर ले जाया गया।

वहां ट्रॉली से पराली खाली करवाई गई और आग को पूरी तरह बुझाया गया, ताकि दोबारा आग भड़कने की आशंका न रहे। ड्राइवर द्वारा ट्रॉली को गांव से बाहर ले जाने और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से रिहायशी इलाके में बड़ा नुकसान होने से बच गया।